करनाल जिला के नड़ाना गांव में घरेलू विवाद के चलते पति द्वारा सुसाइड किए जाने के मामले में पुलिस ने पत्नी और पत्नी की मां के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मृतक के भाई ने आरोप लगाया है कि उसके भाई के पत्नी ने तलाक और खर्चे के लिए कोर्ट केस किया हुआ है और कुछ दिन पहले वह अपनी मां के साथ आकर अपना सामान भी उठाकर ले गई थी। वह मानसिक परेशान भी था, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है। 25 जनवरी को गांव नड़ाना निवासी बलविंद्र कुमार ने संदिग्ध हालातों में अपने घर के पंखे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। परिजनों के मुताबिक, बलविंद्र की शादी करीब 16 -17 साल पहले कुरूक्षेत्र के गांव त्यौड़ा की मोनिका से हुई थी। बलविंद्र कुमार के दो बेटियां और एक बेटा है। काफी समय से पति-पत्नी के बीच घरेलू बातों को लेकर मनमुटाव चल रहा था। इसी को लेकर मोनिका ने थाना शाहाबाद में और बलविंद्र कुमार ने थाना तरावड़ी में आवेदन दिए थे। पंचायतें हुईं, लेकिन विवाद नहीं सुलझा
परिवार और रिश्तेदारों की मौजूदगी में कई बार पंचायतें हुईं और समझौते भी हुए। इसके बावजूद मोनिका ने शाहाबाद कोर्ट में तलाक और खर्चे का केस दायर कर रखा था, जिसमें तारीखें चल रही थीं। बाद में मोनिका अपने मामा अनोखे सिंह और मां बोती देवी के साथ 25 दिसंबर 2025 को बलविंद्र कुमार के घर आई थी। कुछ समय तक दोनों साथ रहे, लेकिन 08 जनवरी 2026 को मोनिका और उसकी मां बोती देवी घर का सारा सामान लेकर चली गईं, जिसके बाद बलविंद्र कुमार घर में अकेला रहने लगा। भाई ने लगाए गंभीर आरोप
मृतक के भाई बलवान सिंह ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसका भाई पत्नी मोनिका और सास बोती देवी से मानसिक रूप से परेशान था। इसी तनाव के चलते उसने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। बलवान सिंह ने दोनों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मौके पर पहुंची पुलिस और एफएसएल टीम
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से उतारकर पोस्टमॉर्टम हाउस में भेज दिया था और पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया था। थाना प्रभारी राजपाल ने बताया कि मामले में पत्नी और सास के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है।
करनाल पति सुसाइड केस:पत्नी और सास पर पुलिस ने केस दर्ज किया; मृतक घरेलू विवाद से परेशान था
