जींद जिले के सफीदों में स्थित एक स्मॉग कलर फैक्ट्री में आग लगने की घटना में 2 और घायल महिलाओं की मौत हो गई। अब मरने वाली महिलाओं की संख्या बढ़कर 9 हो गई है। इस हादसे में 18 से 20 लोग घायल हुए थे, बाकी घायलों इलाज चल रहा है। वहीं इस केस में नामजद दूसरे आरोपी सफीदों निवासी रामकरण गर्ग को गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड लिया है। पुलिस के अनुसार, आग लगने के दिन 4 महिलाओं की मौत हो गई थी। इसके बाद इलाज के दौरान 5 और महिलाओं ने दम तोड़ दिया। जिससे कुल मृतकों की संख्या 9 हो गई। मृतक महिलाओं की पहचान गांव सिंहपुरा निवासी राजबाला सैनी (50) और कमलेश (58) के रूप में हुई है। राजबाला ने पानीपत के निजी अस्पताल और कमलेश ने रोहतक पीजीआई में इलाज के जौरान दम तोड़ दिया। आग लगने का कारण फैक्ट्री के अंदर किसी धूम्रपान वाली वस्तु का इस्तेमाल बताया जा रहा है। इस मामले में फैक्ट्री मालिक राकेश और रामकरण गर्ग निवासी सफीदों, को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने 4 से 5 अन्य लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। फैक्ट्री में आग लगने से अब तक 9 महिलाओं की मौत पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि 7 मार्च को सफीदों पुलिस को फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि एक मकाननुमा फैक्ट्री में भीषण आग लगी हुई थी और उसका मुख्य गेट बंद था। तत्काल फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस को बुलाया गया। संयुक्त प्रयासों से आग पर काबू पाया गया। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान फैक्ट्री के अंदर से कई लोग गंभीर रूप से झुलसी हुई अवस्था में मिले, जिन्हें एम्बुलेंस की सहायता से सामान्य अस्पताल सफीदों और पीजीआईएमएस रोहतक पहुंचाया गया। फैक्ट्री मालिक को पुलिस कर चुकी गिरफ्तार यह फैक्ट्री रिहायशी इलाके के बीच में स्थित थी और इसमें सुरक्षा संबंधी कोई उपकरण भी नहीं थे, जिससे सुरक्षा मानकों की अनदेखी का मामला सामने आया है। गुड्डी के पुत्र विजय के बयान पर थाना सिटी सफीदों में धारा 287, 288, 106(1), 125, 143(3) भारतीय न्याय संहिता (BNS), धारा 5 विस्फोटक अधिनियम और बंधुआ मजदूरी अधिनियम के तहत मामला दर्ज करके फैक्ट्री के मालिक राकेश और रामकरण गर्ग निवासी सफीदों को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया।
जींद फैक्ट्री अग्निकांड, 2 और महिलाओं की मौत:अब तक 9 महिलाओं ने तोड़ा दम, 18-16 घायल; मालिक समेत 2 गिरफ्तार
