फतेहाबाद: जाखलवासियों को मिलेगा स्वच्छ पेयजल, 4 नए ट्यूबवेल लगेंगे

Spread the love

राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार आमजन को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। यह परियोजना क्षेत्र की पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में एक बड़ा कदम है। बराला ने इस महत्वपूर्ण सुविधा मंजूर करने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार प्रत्येक क्षेत्र के संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है। पेयजल की समस्या को देखते हुए अमृत-2 योजना के अंतर्गत यह परियोजना स्वीकृत की गई है, जो अब जाखल क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि इस योजना पर जल्दी काम शुरू होगा। टेंडर प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। इस योजना से जाखल शहर, कॉलोनियों में लगातार जल आपूर्ति सुनिश्चित होगी।

उन्होंने कहा कि जनता की समस्याएं उनकी प्राथमिकता हैं और जब भी आसपास के किसी क्षेत्र या नागरिकों में कोई आवश्यक जनसमस्या आती है, तो वे संबंधित विभागों व मुख्यमंत्री से सीधा संवाद कर समाधान सुनिश्चित करवाते हैं। सांसद बराला ने कहा कि प्रदेश की वर्तमान सरकार पारदर्शी, जवाबदेह और जनकल्याणकारी शासन देने के लिए प्रतिबद्ध है। अमृत योजना-2 के माध्यम से सरकार का उद्देश्य है कि प्रत्येक नागरिक को शुद्ध पेयजल, स्वच्छ वातावरण और बेहतर जीवनशैली के लिए जरूरी सभी बुनियादी सुविधाएं सुलभ हों। जाखल के लोगों ने इस योजना के मंजूर होने पर प्रसन्नता जाहिर की और इसके लिए राज्यसभा सांसद सुभाष बराला एवं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया।