रोहतक में स्टूडेंट्स ने ABVP के विरोध में डाले पर्चे:अभिव्यंजना कार्यक्रम में पहुंचे योगेश्वर दत्त, प्रदर्शनी देख हुए भावुक

Spread the love

रोहतक की दादा लखमीचंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला यूनिवर्सिटी में विद्यार्थियों ने एबीवीपी के प्रस्तावित कार्यक्रम के विरोध में पर्चे फेंके। यूनिवर्सिटी परिसर में ABVP Go Back के पर्चे डालकर विरोध जताया। दूसरी तरफ सुपवा में अभिव्यंजना कार्यक्रम चल रहा है, जिसमें अंतर्राष्ट्रीय पहलवान योगेश्वर दत्त पहुंचे हुए हैं, जो प्रदर्शनी को देखकर भावुक हो गए। सुपवा के स्टूडेंट्स ने कहा कि आगामी दो दिनों में एबीवीपी द्वारा यूनिवर्सिटी परिसर में कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं, जिसका विरोध किया जा रहा है। विद्यार्थियों ने कभी भी किसी राजनीतिक प्रभाव वाले छात्र संगठन को अपनी रचनात्मक और सांस्कृतिक जमीन पर हावी नहीं होने दिया है। राजनीतिक संगठन को नहीं होने देंगे हावी प्रदर्शनकारी स्टूडेंट़्स ने कहा कि सुपवा केवल एक यूनिवर्सिटी नहीं, बल्कि एक जीवंत सांस्कृतिक और कलात्मक स्पेस है, जहां देशभर से युवा कलाकार अपने सपनों, विचारों और संवेदनाओं के साथ आते हैं। ऐसे में किसी राजनीतिक संगठन का प्रवेश यूनिवर्सिटी की मूल आत्मा और उसके स्वतंत्र वातावरण पर सीधा हस्तक्षेप माना जाएगा। राजनीति के नाम पर खराब कर रहे माहौल स्टूडेंट्स ने कहा कि देश के कई शिक्षण संस्थानों में छात्र राजनीति के नाम पर जिस प्रकार ध्रुवीकरण, वैचारिक दबाव और हिंसक वातावरण पैदा हुआ है, सुपवा को उस दिशा में नहीं जाने दिया जाएगा। वे यूनिवर्सिटी का भगवाकरण नहीं होने देंगे और उसकी सांस्कृतिक पहचान व रचनात्मक स्वतंत्रता की रक्षा के लिए हर लोकतांत्रिक स्तर पर आवाज उठाते रहेंगे। सुपवा में एबीवीपी ने किराए पर लिया सभागार सुपवा में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सदस्यों ने सभागार को किराए पर लिया हुआ था। उनका कार्यक्रम है, जिसका स्टूडेंट्स ने विरोध किया। सुपवा के सभागार को अक्सर किराए पर दिया जाता है, ताकि यूनिवर्सिटी की आर्थिक स्थिति को मजबूत किया जा सके। सभागार को किराए पर दिया, कुछ स्टूडेंटों की शरारत सुपवा के वाइस चांसलर डॉ. अमित आर्य ने कहा कि सभागार को अक्सर किराए पर दिया जाता है। एबीवीपी ने भी सभागार को किराए पर लिया हुआ है। पर्चे डालने वाली कुछ स्टूडेंट्स की शरारत हो सकती है। फिलहाल सुपवा में कोई विरोध नहीं है और अभिव्यंजना का सुंदर कार्यक्रम चल रहा है, जिसमें योगेश्वर दत्त भी पहुंचे हुए है।