नारनौल के गांव रघुनाथपुरा में बुधवार रात जमीनी विवाद के चलते बदमाशों ने एक बुजुर्ग पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। 2 गाड़ियों में सवार होकर आए आरोपियों ने बुजुर्ग को बेरहमी से काटा और मरा समझकर सड़क पर फेंककर फरार हो गए। गंभीर हालत में परिजन उन्हें नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पीड़ित की पहचान गांव रघुनाथपुरा निवासी सतीश के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार सतीश बुधवार रात खाना खाने के बाद घर से पास स्थित अपने प्लॉट की ओर जा रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने अचानक उन पर हमला कर दिया। कुल्हाड़ी से किए गए ताबड़तोड़ वार में सतीश के सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। हमलावर वारदात के बाद मौके से फरार हो गए। पुराना है विवाद बुजुर्ग के पोते शुभम ने बताया कि परिवार का आरोपियों के साथ लंबे समय से जमीनी विवाद चल रहा है। उसने आरोप लगाया कि इससे पहले भी उसके मां, पिता और दादा के साथ मारपीट कर चुके हैं। शुभम का कहना है कि पिछले 6 महीनों में कई बार विवाद और झगड़े हो चुके हैं। जिसकी शिकायत पुलिस को दी गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस नहीं कर रही कार्रवाई परिजनों के अनुसार आरोपियों में कर्मवीर, बीमला, दिव्या और उनके भांजे विकास सहित अन्य लोग शामिल हैं। शुभम ने आरोप लगाया कि आरोपी खुलेआम गांव में घूम रहे हैं और उन्हें पुलिस या कानून का कोई डर नहीं है। परिवार को जान से मारने और पूरे परिवार को खत्म करने की धमकियां भी दी जा चुकी हैं। गांव में दहशत घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। घायल बुजुर्ग का नागरिक अस्पताल में इलाज चल रहा है और डॉक्टर उनकी हालत गंभीर बता रहे हैं।
नारनौल में बुजुर्ग पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला:मरा समझकर सड़क पर फेंका, जमीन को लेकर चल रहा विवाद, पहले भी दी थी धमकी
