झज्जर में दिग्विजय चौटाला ने सैनी सरकार पर साधा निशाना:बोले- कानून व्यवस्था खत्म, आए दिन गुंडे दे रहे धमकियां; कोई सुरक्षित नहीं

Spread the love

झज्जर में जेजेपी नेता दिग्विजय चौटाला ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि आज हरियाणा में शायद ही कोई ऐसा दिन हो जब सोशल मीडिया और प्रिंट मीडिया में लूट, डकैती, गुंडागर्दी और हफ्ता वसूली की घटनाएं सामने न आती हों। उन्होंने कहा कि व्यापारी, कर्मचारी, युवा और किसान कोई भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है। इसका जिम्मेदार नायब सिंह सैनी सरकार है। दिग्विजय चौटाला ने आरोप लगाया कि विदेशी नंबरों से लोगों को लगातार धमकियां मिल रही हैं और हालात इतने खराब हो चुके हैं कि आम नागरिक अपने घरों में भी सुरक्षित नहीं हैं। यहां तक कि मीडिया जगत से जुड़े लोग भी असुरक्षा के माहौल में काम करने को मजबूर हैं। वहीं दिग्विजय चौटाला ने भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा पूर्व सीएम पर भी जमकर कटाक्ष किया, बोले सत्ता हाथ आई हुई छोड़ दी। जिला स्तरीय युवा योद्धा सम्मेलन की बैठक झज्जर में जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के पार्टी कार्यालय में शुक्रवार को एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य एक फरवरी को झज्जर में प्रस्तावित युवा योद्धा जिला सम्मेलन की तैयारियों को लेकर रणनीति तय करना रहा। बैठक में पार्टी नेताओं ने युवाओं को संगठन से जोड़ने और मौजूदा भाजपा सरकार के खिलाफ लामबंद करने का आह्वान किया। युवा शक्ति से संगठित हो रही जजपा बैठक को संबोधित करते हुए जेजेपी नेताओं ने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार युवा विरोधी और जन विरोधी नीतियां चला रही है। इसके खिलाफ युवा शक्ति को संगठित कर एक मजबूत मंच पर लाया जाएगा, ताकि पार्टी को और अधिक सशक्त बनाया जा सके। नेताओं ने दावा किया कि प्रदेश भर में युवा लगातार जेजेपी से जुड़ रहे हैं और पार्टी के प्रति उनमें खासा उत्साह है। हरियाणा में सबसे कमजोर कानून व्यवस्था दिग्विजय चौटाला ने कहा कि नेशनल क्राइम ब्यूरो के आंकड़ों के अनुसार, नायब सिंह सैनी के शासनकाल में हरियाणा देश के सबसे कमजोर कानून-व्यवस्था वाले राज्यों की श्रेणी में आ गया है। उन्होंने कहा कि एक समय यूपी-बिहार की जो छवि अपराध को लेकर थी, आज वही स्थिति हरियाणा की बनती जा रही है। इसके लिए उन्होंने सीधे तौर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को जिम्मेदार ठहराया। हाल ही में बदले गए डीजीपी को लेकर दिग्विजय चौटाला ने उम्मीद जताई कि पुलिस प्रशासन में कुछ सकारात्मक बदलाव आएंगे और अपराधियों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। दिग्विजय बोले- दुष्यंत ने हरियाणा को दी 900 नई मंडियां पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के कार्यकाल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जब जेजेपी सत्ता में थी, तब किसानों के हित में ऐतिहासिक फैसले लिए गए। किसानों के खातों में सीधे पैसे डालने की व्यवस्था की गई, कोरोना काल में मंडियों की संख्या बढ़ाई गई और प्रदेश को 900 नई मंडियों की सौगात दी गई। फसलों पर पूरी एमएसपी दुष्यंत ने दी : दिग्विजय इसके साथ ही 14 फसलों पर पूरी एमएसपी लागू की गई और भावांतर योजना का किसानों को पूरा लाभ दिया गया। दिग्विजय चौटाला ने दावा किया कि दुष्यंत चौटाला के कार्यकाल में किसानों को जितना मुआवजा दिया गया, उतना आज तक किसी भी सरकार ने नहीं दिया। बुजुर्गों की पेंशन काट सरकार कर रही खिलवाड़ उन्होंने बुजुर्गों की पेंशन कटौती का मुद्दा उठाते हुए कहा कि प्रदेश में बुजुर्गों की पेंशन में कटौती एक बड़ी सामाजिक चुनौती बनती जा रही है। नायब सरकार पर बुजुर्गों के सम्मान से खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि जेजेपी इसके खिलाफ सड़कों पर उतरकर बुजुर्गों की लड़ाई लड़ेगी। जुलाना रैली में हजारों युवाओं ने दिखाया मजबूत संगठन जुलाना में आयोजित जेजेपी स्थापना दिवस का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वहां हजारों की संख्या में लोगों की मौजूदगी ने साबित कर दिया है कि जेजेपी आज भी एक मजबूत राजनीतिक ताकत है। उन्होंने कहा कि भले ही पार्टी इस समय संघर्ष के पथ पर है, लेकिन जनता ने जो जिम्मेदारी दी है, उसे निभाते हुए जेजेपी लगातार जनता की भलाई और उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ रही है। दिग्विजय चौटाला बोले- पार्टी से इनेलो ने निकाला था इनेलो से अलगाव के सवाल पर दिग्विजय चौटाला ने स्पष्ट किया कि जेजेपी ने इनेलो से अलग होने का फैसला नहीं किया था, बल्कि उन्हें इंडियन नेशनल लोकदल से निकाला गया था, जिसके बाद जेजेपी का गठन किया गया।