फरीदाबाद में बुजुर्ग महिला से ठगी:3 युवकों ने बातों में उलझाकर सोने के कुंडल उतरवाए; बोलीं- एकदम सुन्न हो गईं

Spread the love

फरीदाबाद में तीन अज्ञात युवकों ने एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला को बातों में उलझाकर और सम्मोहित कर उसके कानों के सोने के कुंडल उतरवा लिए और मौके से फरार हो गए। पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस को दे दी है, जिसके बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, डबुआ गांव निवासी 70 वर्षीय रमेश देवी सुबह करीब 10 बजे अपने घर से दवाई लेने के लिए पैदल मार्केट जा रही थीं। जब वह अपने घर के पास मोड़ पर पहुंचीं तो सामने से आए तीन युवकों ने उनसे डबुआ गांव जाने का रास्ता पूछा। रमेश देवी ने उन्हें रास्ता बता दिया। इसके बाद युवकों ने उनसे पूछा कि वह कहां जा रही हैं। महिला ने बताया कि वह दवाई लेने के लिए मार्केट जा रही हैं। युवक बोले- कुंडल कोई ले जाएगा, उतार लो इसके बाद युवकों ने महिला से कहा कि उनके कानों में सोने के कुंडल हैं, जिन्हें उतार लेना चाहिए, नहीं तो कोई छीनकर ले जा सकता है। जब महिला ने कुंडल उतारने से मना किया तो युवकों ने उन्हें समझाने के बहाने अपने दोनों हाथ दिखाने को कहा और उनके हाथों पर कुछ लगा दिया। इसके बाद उन्होंने महिला से कहा कि दोनों हाथों को पहले अपने चेहरे पर और फिर सिर पर फेरें। महिला बोलीं- दो मिनट तक सुन्न हो गईं रमेश देवी ने बताया कि जैसे ही उन्होंने ऐसा किया तो वह एक-दो मिनट के लिए सुन्न हो गईं और उन्हें कुछ समझ नहीं आया। इसी दौरान युवकों ने उनसे कुंडल उतरवाकर ले लिए और उन्हें वहीं बैठाकर फरार हो गए। कुछ देर बाद जब उन्हें होश आया तो उनके कानों में कुंडल नहीं थे। इसके बाद वह वहीं रोने लगीं। पीड़िता ने बताया कि उनके कुंडल करीब 6 ग्राम सोने के थे, जिन्हें आरोपी उतरवाकर ले गए। इसके बाद उन्होंने मामले की लिखित शिकायत डबुआ थाना में दी। पुलिस सीसीटीवी की जांच कर रही थाना प्रभारी संग्राम दहिया ने बताया कि बुजुर्ग महिला की शिकायत मिल गई है। पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।