बदायूं में कोयला जलाकर सो रहे 3 की मौत:​​​​​​​मैंथा फैक्ट्री में ठंड से बचने के लिए अंगीठी जलाई थी, दम घुटने से जानें गईं

Spread the love

बदायूं में मैंथा फैक्ट्री में दम घुटने से तीन सिक्योरिटी गार्ड की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ठंड के कारण तीनों ने तसले में कोयला (अंगीठी) जलाया था। कमरे को अंदर से बंद कर सो गए थे। शुरुआती जांच के मुताबिक, तीनों की मौत दम घुटने से हुई है। शवों पर कोई चोट के निशान नहीं हैं। घटना का पता उस वक्त चला, जब सुबह कर्मचारी पहुंचे तो तीनों केबिन में बेसुध पड़े हुए थे। हिलाकर देखा तो तीनों की मौत हो चुकी थी। इसके बाद उन्होंने पुलिस बुलाई। इधर, घटना का पता चलते ही तीनों गार्ड के परिजन पहुंच गए और हंगामा कर दिया। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया है। उनकी मांग है कि फैक्ट्री के मालिक के खिलाफ FIR दर्ज की जाए। फिलहाल, SSP परिजनों को समझाने में जुटे हैं। मामला उझानी थाना क्षेत्र के गांव कुड़ा नरसिंहपुर स्थित मैंथा फैक्ट्री का है। यह वही फैक्ट्री है, जिसमें कुछ महीने पहले भीषण आग लगी थी। मृतकों की पहचान जोगेंद्र (30), भानु (26) और विवेक यादव (27) के रूप में हुई है। SSP ने बताया- परिजनों को समझाया जा रहा है और स्थिति नियंत्रण में है। जांच जारी है। फैक्ट्री परिसर में सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है। तीन तस्वीरें देखिए… खबर लगातार अपडेट हो रही है…