भिवानी में हनी ट्रैप गैंग का भंडाफोड़:2 महिलाओं-वकील सहित 4 गिरफ्तार, बुजुर्ग को फंसाकर मांगे ₹20 लाख, ₹5 लाख में मानी

Spread the love

भिवानी पुलिस ने हनी ट्रैप के गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। जिसमें 2 महिलाएं और एक वकील भी शामिल है। चारों ने मिलकर एक बुजुर्ग को हनी ट्रैप में फंसाया और उन पर रेप करने का आरोप लगाकर 20 लाख रुपए की डिमांड की। जब 20 लाख रुपए नहीं दिए तो 5 लाख रुपए पर सहमित बनी। वहीं, पुलिस ने आरोपियों को समझाने के नाम पर रुपए लेते हुए रंगेहाथों भिवानी के बासिया भवन के पास से पकड़ा। इस मामले में पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है। डीएसपी मुख्यालय महेश कुमार ने बताया कि आरोपियों द्वारा हनी ट्रैप में फंसा कर 5 लाख रुपए एंठने के मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता किराए पर कमरा लेने के लिए गया था। इसी दौरान आरोपियों ने इसे अपने जाल में फंसा लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पुलिस टीम ने 1 लाख रुपए नकद, 6 मोबाइल फोन और 2 बाइक बरामद किए हैं। महिला ने लगाया था दुष्कर्म का आरोप
डीएसपी महेश कुमार ने बताया कि महम निवासी एक महिला ने महिला थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी। जिसमें महिला ने आरोप लगाया कि भिवानी निवासी एक महिला ने बुजुर्ग को उसका मोबाइल नंबर दिया था और बताया था कि उसे मकान की आवश्यकता है। उसे भिवानी में जो कोंट रोड पर मकान है वह दिखा दो। इस पर महम निवासी महिला को बापोड़ा निवासी बुजुर्ग ने मकान दिखाने के बहाने उसे मकान में ले जाकर उसके साथ रेप किया। इस शिकायत पर महिला थाना भिवानी में 20 मार्च को केस दर्ज किया था। 5 लाख में तय हुआ था समझौता
मामले में कार्रवाई करते हुए महिला थाना टीम ने पीड़िता को मेडिकल परीक्षण करवाने के लिए कहा, लेकिन पीड़िता बार-बार इसके लिए मना करती रही। इसी दौरान आरोपी बुजुर्ग के बेटे ने महिला थाना भिवानी में शिकायत दी। जिसमें उसने बताया कि कुछ व्यक्तियों द्वारा उसके पिता को मामले से बचाने के नाम पर पैसे की मांग की जा रही है। पहले आरोपियों ने 20 लाख की मांग की, जो बाद में 5 लाख में तय हुई। पैसे लेने के लिए बदल रहे थे स्थान बुजुर्ग के बेटे ने आरोपी महिला को 4 लाख रुपए का चेक दिया और 1 लाख नगद देना बाकी था। 21 मार्च को आरोपियों द्वारा पैसे लेने के लिए बार-बार स्थान बदला जा रहा था। इस शिकायत पर महिला थाना भिवानी द्वारा एक टीम गठित की गई। जिसमें सीआईए स्टाफ द्वितीय भिवानी को भी शामिल किया गया। संयुक्त टीम ने शाम के समय बासिया भवन के पास योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए हनी ट्रैप में फंसाकर पैसे ऐंठने के मामले में 2 महिलाओं सहित कुल 4 आरोपियों को काबू किया। एडवोकेट सहित 4 गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में भिवानी निवासी विक्रम और भिवानी की बृजवासी कॉलोनी निवासी मनोज कुमार शामिल हैं। आरोपी मनोज कुमार एडवोकेट है, अन्य दो महिला आरोपी भी गिरफ्तार की गई हैं। चारों आरोपियों के खिलाफ सिविल लाइन थाना में केस दर्ज किया गया है। पुलिस टीम द्वारा आरोपियों से 1 लाख रुपए नकद, 6 मोबाइल फोन और 2 बाइक बरामद की हैं। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।