एक्ट्रेस-मॉडल ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने को लेकर भोपाल जिला कोर्ट में अलग-अलग आवेदन दायर किए गए हैं। सीबीआई ने सोमवार रात गिरिबाला और समर्थ पर एफआईआर दर्ज की। एफआईआर में दहेज में रुपयों की डिमांड होने की बात मानी गई है। जानकारी के अनुसार, ट्विशा के परिवार की ओर से वकील अंकुर पांडे ने सीडीआर सुरक्षित रखने के लिए आवेदन दिया है। वहीं, सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने को लेकर गिरिबाला सिंह की ओर से भी अदालत में आवेदन दिया गया है। दोनों आवेदनों पर मंगलवार (26 मई) को सुनवाई होगी। सोमवार को मामले की सुनवाई तय थी, लेकिन भोपाल पुलिस अदालत में रिपोर्ट पेश नहीं कर सकी। रिपोर्ट नहीं आने पर कोर्ट ने सुनवाई आगे बढ़ा दी। कोर्ट ने पुलिस को जरूरी दस्तावेज और रिपोर्ट दाखिल करने के लिए अतिरिक्त समय दिया है। सीडीआर-सीसीटीवी होंगे अहम सबूत इस केस में सीडीआर और सीसीटीवी फुटेज को अहम साक्ष्य माना जा रहा है। इसी कारण दोनों पक्षों ने इन्हें सुरक्षित रखने की मांग अदालत से की है, ताकि जांच और सुनवाई में किसी तकनीकी या कानूनी बाधा न आए। अदालत मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों आवेदनों पर विस्तार से सुनवाई करेगी। मंगलवार की सुनवाई में पुलिस की ओर से रिपोर्ट पेश किए जाने की संभावना है। इसके बाद कोर्ट रिकॉर्ड और फुटेज सुरक्षित रखने को लेकर जरूरी निर्देश जारी कर सकता है। सीबीआई ने दहेज मृत्यु का मामला दर्ज किया अब मामले की जांच CBI कर रही है। एजेंसी की टीम सोमवार को भोपाल पहुंची। एजेंसी ने कटारा हिल्स थाने में पहले दर्ज FIR को री-रजिस्टर कर ट्विशा के पति समर्थ सिंह और सास, रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया। मामला भोपाल पुलिस से सीबीआई को सौंप दिया गया है। पुलिस जांच में 20 लाख रुपए अतिरिक्त मांगने की बात सामने आई थी। इसी आधार पर सीबीआई ने दहेज मृत्यु का मामला दर्ज किया है। सोमवार शाम करीब 7:30 बजे SIT की टीम समर्थ सिंह के घर पहुंची थी। बाग मुगलिया एक्सटेंशन स्थित घर पर समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह से करीब ढाई घंटे पूछताछ हुई। देर शाम टीम ने मौके पर स्पॉट वेरिफिकेशन भी कराया। पुलिस तक देरी से सूचना पहुंची, इसकी भी जांच होगी ट्विशा ने 12 मई की रात 10:20 बजे फांसी लगाई थी। एम्स से 13 मई की सुबह 5 बजे मर्ग नोट कराया गया। सीबीआई इस बात की जांच करेगी कि सूचना देरी से पुलिस तक क्यों पहुंचाई गई। सीबीआई मर्ग नोट करने वाले डॉक्टर से भी पूछताछ करेगी। ट्विशा के परिजन आरोप लगा रहे थे कि केस को प्रभावित करने की नीयत से गिरिबाला सिंह और उनके बेटे ने समय पर पुलिस को सूचना नहीं दी। समर्थ अस्पताल में ट्विशा की मौत की पुष्टि के बाद घर लौट आया था। ट्विशा के परिजन का आरोप था कि इस दौरान समर्थ ने साक्ष्यों को प्रभावित किया। परिजन ने आशंका जताई थी कि क्रिमिनल लॉयर होने के कारण उसने क्राइम सीन पर हेरफेर किया। इस बात की पुष्टि सीबीआई की एफआईआर में भी हुई है। पुलिस को सूचना देने में अतिरिक्त देरी की गई थी। CBI की FIR में इन बातों का जिक्र मामले को लेकर हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई इससे पहले सोमवार को इस केस में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने आरोपी सास और रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को नोटिस जारी किया। यह नोटिस राज्य सरकार और ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा की उस याचिका पर जारी हुआ, जिसमें ट्रायल कोर्ट से मिली गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत का विरोध किया गया है। सोमवार को सुनवाई के दौरान सरकार की ओर से पेश महाधिवक्ता प्रशांत सिंह ने कहा कि गिरिबाला जांच में सहयोग नहीं कर रही हैं। वहीं, गिरिबाला सिंह के वकील मृगेंद्र सिंह ने कहा- “यह कहना गलत है कि हम जांच में सपोर्ट नहीं कर रहे हैं। हमें पिटीशन के दस्तावेज नहीं मिले हैं, इसलिए जवाब दाखिल करने के लिए समय चाहिए।” सोमवार सुबह सुप्रीम कोर्ट में मामले की सुनवाई के दौरान मध्य प्रदेश सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने आरोप लगाया था कि ट्विशा की सास और पूर्व जज गिरिबाला सिंह जांच में बाधा डाल रही हैं। सुप्रीम कोर्ट बोला- दोनों पक्ष बयानबाजी से बचें सुप्रीम कोर्ट ने खुद नोटिस लेते हुए सोमवार को इस केस की सुनवाई की। चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने कहा कि मीडिया पीड़ित या दूसरे परिवार के बयानों के पीछे न भागे और मामले को कानून के मुताबिक आगे बढ़ने दिया जाए। उन्होंने कहा कि न्यायपालिका की निष्पक्षता पर सवाल उठने से वे दुखी हैं। दिल्ली एम्स की टीम ने किया दोबारा पोस्टमार्टम रविवार को भोपाल एम्स में दिल्ली एम्स की टीम ने ट्विशा की डेड बॉडी का दोबारा पोस्टमॉर्टम किया। इसके बाद ट्विशा शर्मा की मौत के 12 दिन बाद भदभदा श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया गया। भाई मेजर हर्षित ने उन्हें मुखाग्नि दी। 12 मई की रात भोपाल के कटारा हिल्स में ट्विशा की संदिग्ध हालात में मौत हुई थी। ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है, जबकि मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। मामले से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें… एक्ट्रेस ट्विशा केस- CBI ने पति-सास पर दर्ज की FIR:रिटायर्ड जज को हाईकोर्ट का नोटिस; MP सरकार बोली- वे जांच में मदद नहीं कर रहीं एक्ट्रेस ट्विशा का मौत के 12 दिन बाद अंतिम संस्कार:भाई ने भोपाल में मुखाग्नि दी, दिल्ली AIIMS की टीम ने दोबारा पोस्टमॉर्टम किया शादी में रिश्तेदारों ने कहा था-घर की जज ट्विशा होगी:सोशल मीडिया पर सामने आया वेडिंग ट्रेलर, समर्थ से मजाक करती दिखीं ट्विशा ने तेलुगु-शॉर्ट फिल्में की, मल्टीनेशनल एड भी शूट किए:मिस पुणे बनने से डेथ तक; जानिए कैसी थी ट्विशा शर्मा की ग्लैमरस लाइफ भोपाल में रिटायर्ड जज की बहू ने लगाई फांसी:आखिरी कॉल मेजर भाई को, बोली- अब बर्दाश्त नहीं होता, मुझे ले चलिए भैया
ट्विशा डेथ केस- CDR-CCTV फुटेज सुरक्षित रखने पर आज सुनवाई:सास गिरिबाला और पति समर्थ पर CBI ने दर्ज की FIR, आरोप- दहेज की मांग
