लाइन पार बहादुरगढ़ की कॉलोनी शंकर गार्डन स्थित जिस जिम में हत्या की यह वारदात हुई है वह जाखोदा के मूल निवासी सेवामुक्त आईएएस अधिकारी आरआर जोवल के भतीजे सुनील का है। मकान के प्रथम तल पर सुनील अपने परिवार के साथ रहता है और भूतल पर जिम चलाता है। बताया गया है कि करमजीत सोमवार सुबह कार में अपने दोनों बच्चों को साथ लेकर गांव जाखोदा स्थित अपने घर से निकला था। उसने पहले दोनों बच्चों को खेलने के लिए बहादुरगढ़ के भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में छोड़ दिया और उसके बाद खुद शंकर गार्डन स्थित जिम पहुंच गया। यहां कर्मजीत की हत्या हो गई। सूत्रों ने बताया कि हत्या करके सुनील फरार हो गया और पहले अपने पिता व उसके बाद अपने चाचा को फोन करके कहा कि उस गलती हो गई है। चाचा ने परिजनों से विचार विमर्श करके पुलिस को बता दिया।
लाइन पार थाना पुलिस घटना स्थल पहुंची और जांच आरंभ की। मृतक का शव जिम में डंबल्स और जिम मशीनों के बीच खून से लथपथ पड़ा हुआ था। घटनास्थल पर कर्मजीत के भाई अरविंद भी पहुंचे और फूट-फूटकर रो पड़े। मौके पर एसीपी प्रदीप, लाइन पार थाना प्रभारी परमजीत, और एफएसएल टीम ने भी जांच की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली और अन्य साक्ष्य इकट्ठे किए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गांव के ही मूल निवासी जिम संचालक सुनील जोवल पर हत्या का आरोप लगाया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
