रोहतक जिले के गांव रिटौली में 19 दिसंबर को हुई हिमांशु भाऊ और सन्नी रिटोलिया गैंग के बीच गैंगवार में दोनों तरफ से 70 से अधिक फायर किए गए। जिसमें से फॉर्च्यूनर गाड़ी पर 25 गोलियां मारी गई थी। पुलिस को मौके से गोलियों के 57 खोल बरामद हुए। गैंगवार में हिमांशु भाऊ के गुर्गे दिपांशु की मौत हो गई, जबकि एक शूटर रोहित घायल है। सन्नी रिटोलिया बाबा गैंग का सदस्य है, जो उसके भाई अंकित उर्फ बाबा की गैंग है। वहीं, हिमांशु भाऊ गैंग को अमेरिका से ऑपरेट कर रहा है। दोनों के बीच 2019 से दुश्मनी चल रही है। इसी दुश्मनी के चलते 19 दिसंबर को सन्नी रिटोलिया के शराब के ठेके पर हिमांशु भाऊ के गुर्गों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। सन्नी रिटोलिया ने बचाव में की फायरिंग गैंगवार के दौरान सन्नी रिटोलिया की तरफ से भी अपने बचाव में फायरिंग की गई। गैंगवार के दौरान सन्नी रिटोलिया के दोस्त दीपक ढाका निवासी गांव सुडाना को गोली लगी, जो फॉर्च्यूनर गाड़ी में ड्राइवर सीट पर बैठा था और उसका इलाज पीजीआई में चल रहा है। वहीं, हमलावरों में से गांव महराणा निवासी दिपांशु की मौत हो गई और एक आरोपी रोहित निवासी आसौदा घायल है, जो झज्जर के अस्पताल में भर्ती है। फायरिंग में 5 हमलावर शामिल थे, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है। हमलावर गैंगस्टर सन्नी रिटोलिया को मारने की नीयत से आए थे। 70 से अधिक हुए फायर, 57 खोल बरामद गैंगवार के दौरान हुई फायरिंग के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान पुलिस ने 57 गोलियों के खोल मौके से बरामद किए। जबकि फायरिंग के दौरान 70 से अधिक फायर बताए जा रहे है। इनमें गोलियां गाड़ी पर भी लगी थी, जबकि कुछ गोलियां शराब के ठेके के अंदर, साथ वाली दुकान पर चलाई गई। पुलिस ने शराब ठेके के अंदर, बराबर वाली दुकान, सड़क और दुकान के बाहर से गोलियों के खोल बरामद किए। गोलियों से छलनी की फॉर्च्यूनर गाड़ी गैंगवार में अक्सर लोगों को गोलियों से छलनी होते हुए देखा गया है, लेकिन इस गैंगवार में कोई व्यक्ति नहीं, बल्कि फॉर्च्यूनर गाड़ी को गोलियों से छलनी किया गया। फॉर्च्यूनर गाड़ी की ड्राइवर वाली सीट की तरफ खिड़की पर 13 निशान देखने को मिले। जबकि गाड़ी के फ्रंट शीशे, बोनट, डिग्गी, बम्पर और सीट के अंदर भी गोलियां लगी हुई थी। फॉर्च्यूनर गाड़ी पर कुल 25 गोलियों के निशान मिले है। 10 मिनट तक चलती रही गोलियां शराब के ठेके में मौजूद कर्मचारी अनिल ने बताया कि 19 दिसंबर की शाम करीब सवा 5 बजे अचानक से एक गाड़ी आकर रुकी और उसमें से 5 लोगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। करीब 10 मिनट तक फायरिंग होती रही। फायरिंग के दौरान सन्नी रिटोलिया शराब ठेके से निकलकर भाग लिया और आसपास के लोग भी इधर उधर भाग गए। पुलिस ने कब्जे में लिए सीसीटीवी फुटेज गैंगवार के बाद पुलिस जांच के लिए पहुंची और ठेके पर लगे कैमरे की डीवीआर कब्जे में ले ली। वहीं, ठेके के सामने एक दुकान में भी कैमरा लगा था, जिसकी डीवीआर भी पुलिस ने कब्जे में ले ली। पुलिस सीसीटीवी फुटेज को भी जांच रही है। आरोपियों के पकड़े जाने के बाद मिलेगी हथियारों की जानकारी शिवाजी कॉलोनी थाना एसएचओ राकेश सैनी ने बताया कि हमलावरों में से एक आरोपी मर चुका है और दूसरा अस्पताल में एडमिट है। बाकी आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। आरोपियों को पकड़ने के बाद हथियारों के बारे में पूछताछ की जाएगी कि हथियार कहां से लेकर आए थे। एसएचओ राकेश सैनी ने बताया कि गैंगवार मामले में सन्नी रिटोलिया से भी पूछताछ की जाएगी। जो बुलेट के खोल मिले हैं, उनकी जांच भी चल रही है। फरार आरोपियों की पहचान हो चुकी है। जल्द आरोपियों को पकड़कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। झज्जर पुलिस ने 5 युवकों को रोहतक पुलिस को सौंपा डीसीपी क्राइम झज्जर अमित दहिया ने बताया कि झज्जर में पुलिस द्वारा पूछताछ के लिए 5 युवकों को हिरासत में लिया था। पुलिस ने पांचों युवकों को रोहतक पुलिस के हवाले कर दिया है। हिरासत में लिए पांचों युवकों के साथ रोहित उर्फ रेस्को और मृतक दीपांशु के साथ चैटिंग मिली है। पुलिस पूछताछ में पांचों युवकों के साथ कुछ लेन देन की बात सामने आई है। वहीं पांचों युवकों के फोन में इंटरनेशनल कॉल भी मिली है।
रोहतक में हिमांशु भाऊ और सन्नी रिटोलिया के बीच गैंगवार:फॉर्च्यूनर कार में गोलियों के 25 निशान, 57 खोल मिले; गैंगस्टर को मारने का प्रयास
