फतेहाबाद जिले के भूना शहर में बनी जामा मस्जिद और उसके साथ लगते तीन घरों पर पथराव किया गया। सोमवार रात को चार-पांच युवकों ने घरों पर पत्थर बरसाए। दरवाजे को तोड़ने की कोशिश की। साथ मस्जिद के बाहर लगी लाइटें भी तोड़ दी। मामले की शिकायत भूना पुलिस को दी गई है, पुलिस जांच में जुटी हुई। रात करीब 1.30 बजे पहुंचे आरोपी भूना पुलिस को दी शिकायत में भूना के वार्ड नंबर तीन की जेबुन्निशा ने बताया कि 22 दिसंबर की रात को हम अपने घर पर सोए हुए थे। रात करीब 1.30 बजे घर के बाहर चार-पांच लोग आए। उन्होंने घर व मस्जिद पर ईंटें बरसानी शुरू कर दी। उसके छोटे भाई ताहिर के मकान पर चढ़कर उसके दरवाजे तोड़ने की कोशिश की। दरवाजा नहीं टूटने पर गली में आकर फिर पथराव करने लग गए। इसमें मस्जिद की लाइटें व दरवाजों और उनके तीनों मकानों पर भी पथराव किया। उसके बाद उसके भाई ताहिर ने डायल 112 टीम को फोन किया तो पुलिस नहीं आई। पड़ोसी अपने घरों से शोर सुनकर बाहर आए। उनको देखकर आरोपी वहां से भाग गए। रात को नहीं आई पुलिस, सुबह फिर किया फोन महिला जेबुन्निशा ने आरोप लगाया कि रात को पुलिस नहीं आई। इसके बाद सुबह 7 बजे फिर से पुलिस को फोन किया गया, तब पुलिस की गाड़ी आई। पुलिसकर्मियों ने मौका देखकर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाने के लिए बोला। इसके बाद थाने में शिकायत दी गई है। भूना एसएचओ ओमप्रकाश ने बताया कि कारणों का अभी तक पता नहीं चला है। कारणों का पता करने में लगे हुए हैं।
फतेहाबाद में मस्जिद और साथ लगते घरों पर पथराव:चार-पांच युवकों ने बरसाए पत्थर, दरवाजे तोड़ने की कोशिश; सुबह पहुंची पुलिस
