एफसीआर ब्रांच रीडर ₹2 लाख रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार:ACB की सोनीपत में कार्रवाई, चंडीगढ़ में तैनात; काम पूरा करवाने के मांगे पैसे

Spread the love

हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत एक बार फिर एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। सोनीपत में एसीबी की जींद टीम ने छापेमारी करते हुए एफसीआर (FCR) शाखा चंडीगढ़ में तैनात रीडर रवि को 2 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। एसीबी की टीम अब पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस भ्रष्टाचार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया कर्मचारी एसीबी जींद की टीम को शिकायत मिली थी कि एफसीआर शाखा चंडीगढ़ में बी. सुरेश कुमार आईएएस के रीडर रवि किसी काम को करवाने के बदले 2 लाख रुपए की रिश्वत मांग रहा है। शिकायत के आधार पर टीम ने जाल बिछाया और योजना के तहत आरोपी को पैसे लेते ही मौके पर ही काबू कर लिया। आरोपी के पास से पूरी रिश्वत राशि भी बरामद की गई है। आरोपी ने पैसे लेने के लिए अपने पैतृक क्षेत्र गनौर में बुलाया था और वहीं पर रंगे हाथों गिरफ्तार हुआ है। आरोपी गनौर के हरी नगर का रहने वाला है। एसीबी ने प्लानिंग के तहत किया गिरफ्तार सूत्रों के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने एसीबी को बताया था कि उसका एक काम लंबित था, जिसे करवाने के लिए आरोपी लगातार पैसे की मांग कर रहा था। इसके बाद एसीबी ने पूरे मामले की पुष्टि कर ट्रैप लगाकर आरोपी को रंगे हाथों पकड़ने की रणनीति बनाई। जांच में सामने आ सकते हैं कई नाम एसीबी अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि क्या इस पूरे मामले में अन्य कर्मचारी या अधिकारी भी शामिल हैं। जांच के दौरान और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख जारी हरियाणा में एसीबी लगातार भ्रष्टाचार के मामलों पर सख्त कार्रवाई कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी स्तर पर रिश्वतखोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।