MP में जबरदस्त ठंड…पचमढ़ी में जमी ओस, पारा 4.2 डिग्री:25 शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे, कई जिलों में घना कोहरा

Spread the love

मध्यप्रदेश में कड़ाके की ठंड के साथ कोहरे का असर लगातार बना हुआ है। प्रदेश के इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी में शुक्रवार सुबह पत्तों पर ओस की बूंदें जम गईं। यहां रात का न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। भोपाल, मंडला, रीवा, सतना, पचमढ़ी, दतिया, धार, गुना, ग्वालियर, इंदौर, उज्जैन, खजुराहो, नौगांव, अशोकनगर, झाबुआ, खंडवा, शाजापुर और सीहोर समेत कई जिलों में सुबह घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ और सड़कों पर विजिबिलिटी कम होने से वाहन चालकों को लाइट जलाकर चलना पड़ा। भोपाल में 7, इंदौर, उज्जैन और जबलपुर में 9 डिग्री मिनिमम टेंपरेचर
मौसम विभाग के मुताबिक, गुरुवार-शुक्रवार की रात प्रदेश के करीब 25 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा। पचमढ़ी के अलावा रीवा में 5.5 डिग्री, शिवपुरी और खजुराहो में 6 डिग्री, नौगांव और दतिया में 6.2 डिग्री तथा उमरिया में 6.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री दर्ज हुआ। भोपाल में पारा 7 डिग्री, जबकि इंदौर, उज्जैन और जबलपुर में 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। देखिए मौसम की तस्वीरें दिल्ली से आने वाली ट्रेनों पर भी पड़ा असर
कोहरे की वजह से दिल्ली से भोपाल, इंदौर और उज्जैन की ओर आने वाली कई ट्रेनें तय समय से देरी से चल रही हैं। शुक्रवार को भी पंजाब मेल, शताब्दी, झेलम, सचखंड और मालवा एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों में देरी दर्ज की गई। सुबह अलाव का सहारा
ठंड और कोहरे के चलते आम जनजीवन पर असर दिखने लगा है। कई इलाकों में सुबह लोग अलाव तापते नजर आए। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल ठंड से राहत के आसार कम हैं और आने वाले दिनों में रात का तापमान और गिर सकता है। मिनट टु मिनट अपडेट के लिए यहां से गुजर जाइए…