‘4 महीने पहले भी बहन का गला दबाया था’:हिसार में लेडी टीचर की बहन बोली- जीजा हाथ-पैर तोड़ देता, मारने की क्या जरूरत थी

Spread the love

4 महीने पहले भी सौरभ ने बहन सोनिया का गला दबाने की कोशिश की थी। अब इतना ही गुस्सा था तो हाथ-पैर तोड़ देता, जान से मारने की क्या जरूरत थी? 8 साल की बेटी को उसकी मां की मौत के बारे में बता दिया है। वह यह सुनकर बहुत रोई। अब उसकी परवरिश कौन करेगा? मां जैसा प्यार कोई नहीं दे सकता। हिसार में लेडी टीचर सोनिया की बहन शालू यह बताते हुए बेहोश हो गई। शनिवार को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में हुए पोस्टमॉर्टम में सामने आया कि सोनिया की मौत प्रेस की तार से गला घोंटने के कारण हुई। पति सौरभ ने हाथों से उसका गला भी दबाया। इसके अलावा उसकी छाती और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान भी मिले हैं। शनिवार को पोस्टमॉर्टम के बाद पुलिस ने सोनिया का शव उसके मायके वालों को सौंप दिया, जिसके बाद शाम को अंतिम संस्कार किया गया। सिविल लाइन थाना पुलिस ने सोनिया के भाई की शिकायत पर पति, जेठ और जेठानी के खिलाफ बीएनएस की धारा 302, 103(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी पति सौरभ पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। SP सिद्धांत जैन ने परिजनों को 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है। डाबड़ा चौक की तरफ भागता दिखा सिविल लाइन थाना पुलिस ने सोनिया की ससुराल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें सौरभ डाबड़ा चौक की ओर भागता हुआ दिखाई दिया। पुलिस को शक है कि आरोपी आसपास ही कहीं छिपा हो सकता है, इसलिए उसकी तलाश जारी है। इसके अलावा बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन के कैमरों की भी जांच की जा रही है। सौरभ का मोबाइल भी ट्रेसिंग पर लगाया गया है। वहीं सास, जेठ और जेठानी को हिरासत में लेकर उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है। घर से निकलते ही फोन स्विच ऑफ किया सिविल लाइन थाना प्रभारी कर्मजीत सिंह ने बताया कि इस मामले में पुलिस और CIA की टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस ने सौरभ के 5 से 7 संभावित ठिकानों पर छापेमारी की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। साइबर टीम की जांच में सामने आया है कि सौरभ ने घर से निकलते ही अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया था। सेक्टर-13 क्षेत्र में भी पुलिस ने कई CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली है। अब जानिए सोनिया की हत्या कैसे हुई…