हरियाणा में 3 नगर निगम मेयर के लिए ड्रॉ आज:बीसी-बी को एक, दो सीट अनारक्षित रहेंगी; 6 निकायों में उपचुनाव भी होंगे

Spread the love

हरियाणा के तीन नगर निगमों पंचकूला, अंबाला और सोनीपत में मेयर पद जनरल कैटेगरी में रहेगा या रिजर्व होगा, इसे लेकर राजनीतिक हलचल तेज है। इस पर फैसला आज लॉट ऑफ ड्रॉ के जरिए होगा। इन तीनों नगर निगमों के मेयर और पार्षदों का कार्यकाल इसी महीने में समाप्त हो चुका है। नियमों के अनुसार, तीनों में से किसी एक नगर निगम का मेयर पद बैकवर्ड क्लास-बी कैटेगरी के लिए रिजर्व किया जाएगा। इसके लिए अब तीसरी बार ड्रॉ रखा गया है। इससे पहले 1 और 15 दिसंबर को ड्रॉ की तारीख तय की गई थी, लेकिन दोनों बार इसे टालना पड़ा। नगर निगमों के साथ छह निकायों में उपचुनाव भी होंगे। इनमें टोहाना, झज्जर, राजौंद, कनीना, तरावड़ी, साढौरा और करनाल शामिल हैं। इन निकायों में एक-एक वार्ड पार्षद के चुनाव होंगे। यहां पढ़िए नोटिफिकेशन की कॉपी… राज्य चुनाव आयुक्त कार्यालय तैयारी में जुटा नगर निकाय चुनाव को लेकर राज्य चुनाव आयुक्त कार्यालय में भी हलचल है। आयुक्त भी कर्मचारियों के साथ मंगलवार(27 जनवरी) को बैठक करेंगे, जिसमें कुछ महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं। सभी जगह से वोटर संख्या भी राज्य चुनाव आयोग ने मांगी हैं। सूत्रों का कहना है कि चुनाव आयोग ने इन सभी स्थानों पर ईवीएम से वोटिंग के लिए पहले से ही तैयारी कर रखी हैं। निगमों का कब हुआ कार्यकाल पूरा पंचकूला नगर निगम का 5 वर्ष का कार्यकाल इसी माह 4 जनवरी को पूरा हुआ है, जबकि सोनीपत नगर निगम का 6 जनवरी और अम्बाला नगर निगम 13 जनवरी का कार्यकाल पूरा हुआ है। यहां फिलहाल प्रशासक नियुक्त किए हुए हैं। मेयर सीट के आरक्षण पर उठे सवाल पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के एडवोकेट हेमंत कुमार का कहना है कि मेयर पद के लिए ड्रा की प्रक्रिया ठीक नहीं है, क्योंकि राज्य की 11 नगर निगमों में मेयर के लिए एक साथ ड्रॉ के साथ सीटें आरक्षित होनी चाहिए। इससे पहले दिसंबर 2016 में प्रदेश की सभी तत्कालीन 10 नगर निगमों के लिए एक साथ ड्रॉ हुआ था। तब सभी नगर निगमों के आम चुनाव एक साथ नहीं, बल्कि अलग-अलग समय पर कराए गए थे। फरीदाबाद नगर निगम के जनवरी 2017 में, गुरुग्राम नगर निगम के सितंबर 2017 में, जबकि पांच नगर निगम हिसार, करनाल, पानीपत, रोहतक और यमुनानगर के दिसंबर 2018 में चुनाव हुए थे। तीन नगर निगम अंबाला, पंचकूला और सोनीपत के दिसंबर 2020 में कराए गए थे। आईएएस ट्रांसफर बना देरी की वजह ड्रॉ टलने की मुख्य वजह हाल ही में हुई प्रशासनिक फेरबदल रही। हरियाणा सरकार ने 20 आईएएस और आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए थे। इनमें 2009 बैच के आईएएस पंकज कुमार का भी ट्रांसफर हुआ, जो उस समय अर्बन लोकल बॉडीज डिपार्टमेंट के डायरेक्टर थे। उनकी जगह 2006 बैच के आईएएस अशोक मीणा को नया डायरेक्टर नियुक्त किया गया। चूंकि ड्रॉ डायरेक्टर यूएलबी की देखरेख में होना था, इसलिए दोनों बार प्रक्रिया को स्थगित करना पड़ा। बैकवर्ड क्लास-बी के लिए रिजर्व होगी एक सीट तीनों नगर निगमों में से किसी एक का मेयर पद बैकवर्ड क्लास-बी कैटेगरी के लिए रिजर्व किया जाएगा। इस वर्ग में अहीर/यादव, गुर्जर समेत कई जातियां शामिल हैं। राजनीतिक दलों ने इस वर्ग से आने वाले संभावित उम्मीदवारों पर ध्यान केंद्रित करना शुरू कर दिया है। फिलहाल पंचकूला नगर निगम का मेयर पद जनरल कैटेगरी के लिए आरक्षित है, जहां कुलभूषण गोयल मेयर हैं।