भिवानी में भाजपा सांसद धर्मबीर सिंह ने केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत व कैबिनेट मंत्री राव नरबीर की जुबानी जंग पर बयान दिया। उन्होंने कहा कि मेरी दोनों से मित्रता हैं। ये तो लोग यहां पता नहीं क्यों आपस में बांटकर रखते हैं। हम जब दिल्ली में सेंट्रल हॉल में या विधानसभा में बैठते हैं, तो पक्ष-विपक्ष हम सभी इकट्ठे बैठते हैं। बता दें कि भिवानी के पंचायत भवन में सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने VB-G RAM-G योजना को लेकर वर्कशॉप का आयोजन किया। वर्कशॉप में सांसद चौधरी धर्मवीर सिंह ने लोगों को योजना के बारे में जानकारी दी और उसके लाभ बताए। साथ ही वर्कशॉप में शामिल सरपंच, पंच व अन्य लोगों से भी सुझाव मांगे। सभी नेता इकट्ठे रोटी खाते हैं- सांसद केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत व कैबिनेट मंत्री राव नरबीर के बीच चल रही जुबानी जंग को लेकर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा कि “मेरी दोनों से मित्रता है। नरबीर मेरा पुराना साथी रहा है। दानसिंह मेरे खिलाफ लड़ा था, वह आज भी मित्र है और पहले भी था। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। ये तो लोग यहां पता नहीं क्यों आपस में बांटकर रखते हैं। हम जब दिल्ली में सेंट्रल हॉल में या विधानसभा में बैठते हैं, तो पक्ष-विपक्ष हम सभी इकट्ठे बैठते हैं, इकट्ठे रोटी खाते हैं, इकट्ठे चाय पीते हैं। ये तो केवल आप लोगों की सोच है कि अलग-अलग। यह देश एक है और सारे नेता एक हैं।” सांसद बोले- मनरेगा का 7 बार बदला नाम सांसद ने कहा कि इस योजना का फायदा मजदूरों को मिलेगा। मनरेगा का नाम कोई पहली भी बार नहीं बदला। इससे पहले भी 7 बार इसका नाम बदला गया है। तब कोई विरोध प्रदर्शन कांग्रेस के द्वारा क्यों नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा मनरेगा का नाम बदलकर विकसित भारत जी राम जी योजना किया गया है। इस योजना में मजदूर को स्थायी रोजगार की गारंटी दी गई है। उन्होंने कहा कि पहले सिर्फ मजदूरों को खड्डे खोदने का काम दिया जाता था, पर इसमें बदलाव करके मजदूरों के लिए फायदा पहुंचाया गया है। सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी जब मारे तब हे राम का नाम लेकर मरे थे, क्या कांग्रेस पार्टी अब महात्मा गांधी से भी बड़ी हो गई। राहुल गांधी पर साधा निशाना सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए राहुल गांधी पर भी जमकर निशाना साध। सांसद ने राहुल गांधी के जिला अध्यक्षों को गुरु मंत्र दिए जाने के सवाल पर कहा कि राहुल गांधी को गुरु मंत्र देते हुए 14 साल हो गए हैं। उनकी अगली पीढ़ी भी कांग्रेस वालों की गुरु मंत्र देने में निकल जाएगी। सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के सवाल पर कहा कि हमारी किस्मत कितनी अच्छी हरियाणा प्रदेश का मुख्यमंत्री युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष भी युवाओं का। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बड़ी तेजी के साथ भारत आगे बढ़ेगा।
इंद्रजीत-नरबीर की जुबानी जंग पर धर्मबीर बोले-दोनों मेरे मित्र:भिवानी ने सांसद बोले-यहां लोग आपस में बांटकर रखते, दिल्ली में सभी साथ बैठते हैं
