हरियाणा में जीटी रोड बैल्ट के जिलों में घना कोहरा:IMD ने जारी किया ओरेंज अलर्ट; विजिबिलिटी 0 से 20 मीटर, 31 को बदलेगा मौसम

Spread the love

हरियाणा में सोमवार सुबह सोनीपत, पानीपत, कुरुक्षेत्र, भिवानी, फतेहाबाद समेत दर्जनभर जिलों में आज फिर घना कोहरा छाया है। मौसम विभाग (IMD) की ओर से प्रदेश के 5 जिलों में कोहरे काे लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं अन्य जिलों के लिए यलो अलर्ट है। कई जिलों में तो कोहरा रात को ही छाने लगा था और सुबह होते होते यह गहराता गया। सुबह विजिबिलिटी 0 से 20 मीटर तक ही रही। इसके साथ ही शीत लहर की भी चेतावनी भी जारी की गई है। घने कोहरे का असर उत्तरी हरियाणा और जीटी रोड बेल्ट के हिस्सों में ही ज्यादा दिखाई दे रहा है। जीटी रोड बैल्ट के जिलों पंचकूला से अंबाला, सोनीपत, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत और सोनीपत में घना कोहरा है। हालांकि अन्य जिलों में भी कोहरा छाया है, लेकिन कई स्थानों पर ये हल्का है। अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल और कैथल में कोहरे का असर ज्यादा है। देखें कोहरे से जुड़ी 3 PHOTOS… अन्य में यलो अलर्ट इसके अलावा मौसम विभाग ने पंचकूला, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, भिवानी और चरखी दादरी के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इनमें हलका कोहरा पड़ सकता है। 10 जिलों में चलेगी शीतलहर मौसम विभाग ने प्रदेश के 10 जिलों में शीत लहर चलने की चेतावनी भी जारी की है। इन जिलों में महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, रोहतक, हिसार, जींद, भिवानी, और चरखी दादरी जिले शामिल हैं। भिवानी का रहा सबसे ज्यादा तापमान रविवार को भिवानी का तापमान सबसे अधिक रहा। यहां पर दिन के समय अधिकतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं हिसार का तापमान सबसे कम रहा। हिसार का न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 31 दिसंबर से बदलेगा मौसम मौसम के जानकारों की माने तो हरियाणा में 31 दिसम्बर से 2 जनवरी के दौरान हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी होगी। वहीं उत्तरी जिलों में एक दो स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है। 31 दिसम्बर को रात्रि से ही मौसम में बदलाव और 1 जनवरी अलसुबह से हरियाणा एनसीआर में 60-70 प्रतिशत एरिया में कहीं हल्की कहीं मध्यम तो कहीं बूंदाबांदी देखने को मिलेगी।