हरियाणा में आज घना कोहरा, शीत लहर चलेगी:नारनौल रहा सबसे ठंडा; प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से 5°C नीचे

Spread the love

हरियाणा में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का दौर जारी है । भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) चंडीगढ़ ने सोमवार को प्रदेश के कई हिस्सों में शीत लहर और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। इसमें लोगों को सावधानी बरतने की सलाह भी दी गई है। सुबह से सोनीपत समेत जीटी रोड बेल्ट के सभी जिलों में घना कोहरा छाया है। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों हिसार, भिवानी, महेंद्रगढ़ आदि जिलों में भी घने से घने कोहरे का अलर्ट मौसम विभाग का है। इससे पहले रविवार को प्रदेश में नारनौल सबसे ठंडा रहा। यहां पर रविवार को दिन का तापमान 12.8 डिग्री और रात का तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। हालांकि सोनीपत समेत कई जिलों में धूप निकली, लेकिन ठंडी हवा ने कंपकपी भी छुड़ाई। कोहरे और शीत लहर का पूर्वानुमान मौसम विभाग के अनुसार 11 जनवरी को महेंद्रगढ़ और हिसार में ‘बेहद घना कोहरा’ और शीत लहर का सामना लोगों को करना पड? सकता है। इसी प्रकार अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, रोहतक, सोनीपत और सिरसा सहित लगभग सभी जिलों में घना कोहरा छाया रहेगा। 12 जनवरी को भी प्रदेश के कई हिस्सों में शीत लहर का प्रकोप जारी रहने की संभावना है। पहाड़ों में बर्फबारी से बढ़ी ठंड मौसम के जानकारों के अनुसार उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फ बारी हो रही है। बर्फबारी होने की वजह से प्रदेश में ठंड बढ़ती जा रही है। इससे न केवल रात के समय, बल्कि दिन के समय भी ठंड का प्रकोप देखने को मिल रहा है। जिसकी वजह से लोगों को दिन व रात हाड़ कंपा देने वाली ठंड का सामना करना पड़ रहा है। शीत लहर चलेगी प्रदेश के कई जिलों में कोहरे के साथ-साथ शीत लहर भी चलने का अनुमान लगाया गया है। जिसके चलते ठंड का ट्रिपल अटैक देखने को मिलेगा। जिसके कारण कई शहरों में कोल्ड डे की स्थिति बनने का अनुमान है। 15 को छा सकते हैं बादल मौसम विभाग के अनुसार एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ 15 जनवरी को सक्रिय होगा। इससे हरियाणा एनसीआर दिल्ली पर आंशिक बादल वाही देखने को मिलेगी। इसके बाद मौसम शुष्क बना रहेगा। सामान्य से नीचे चल रहा तापमान हरियाणा के सभी जिलों का अधिकतम व न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे चल रहा है। कई जिलों में तापमान सामान्य से पांच डिग्री तक नीचे चल रहा है। जिसके चलते लोगों को कड़ाके की ठंड महसूस हो रही है। संभावित प्रभाव और बचाव के उपाय मौसम विभाग ने ‘इम्पैक्ट बेस्ड फोरकास्ट’ (Impact Based Forecast) के जरिए चेतावनी जारी की है कि घने कोहरे के कारण सड़कों पर दृश्यता (Visibility) कम रहेगी, जिससे यातायात और विमान सेवाओं पर असर पड़ सकता है । लोगों को चेताया गया है कि ठंड के लंबे समय तक संपर्क में रहने से फ्लू, नाक बहना और फ्रॉस्ट बाइट (त्वचा का सुन्न या काला पड़ना) जैसी समस्याएं हो सकती हैं । पर्याप्त मात्रा में गर्म तरल पदार्थ पिएं और विटामिन-C युक्त फल खाएं ।कोहरे के दौरान ड्राइविंग करते समय फॉग लाइट्स का उपयोग करें और धीमी गति से चलें। हीटर का उपयोग करते समय वेंटिलेशन (हवा का रास्ता) बनाए रखें ताकि जहरीली गैसों से बचा जा सके।