हरियाणा में सफाई संकट पर फैसला आज:सरकार दे चुकी प्रपोजल, कर्मियों ने बुलाई मीटिंग; कांग्रेस MLA की हाईकोर्ट में PIL पर सुनवाई

Spread the love

हरियाणा में सफाई कर्मचारियों और फायर ब्रिगेड कर्मचारियों की चल रही हड़ताल आज समाप्त हो सकती है। बुधवार को हरियाणा निवास में नगर निकाय मंत्री विपुल गोयल, सीएमओ और शहरी स्थानीय निकाय विभाग के अधिकारियों की नगर पालिका कर्मचारी संघ और फायर ब्रिगेड कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधियों के साथ करीब छह घंटे तक बैठक हुई। सूत्रों के अनुसार, बैठक में कर्मचारियों की अधिकांश मांगों पर सहमति बन गई है। कर्मचारी नेता साथियों से चर्चा के बाद अंतिम निर्णय लेंगे। संकेत हैं कि हड़ताल वापस ली जा सकती है। सरकार ने फायर ब्रिगेड कर्मचारियों की मांगों को पूरा करने के लिए 30 जून तक और नगर पालिका कर्मचारियों की मांगों के समाधान के लिए 20 मई तक का समय मांगा है। यह जानकारी नगर पालिका कर्मचारी संघ ने दी है। 1 मई से हड़ताल पर सफाई कर्मी नगर पालिका कर्मचारी 1 मई से और फायर ब्रिगेड कर्मचारी 8 अप्रैल से हड़ताल पर हैं। संघ के प्रदेशाध्यक्ष नरेश शास्त्री ने कहा कि गुरुवार को सभी कर्मचारियों की सलाह के बाद अगले कदम की घोषणा की जाएगी। बता दें कि सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण सूबे में हर रोज सड़कों पर 14 हजार टन कूड़ा-कचरा इकट्‌ठा हो रहा है। ऐसे में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हाईकोर्ट में जनहित याचिका, आज सुनवाई हरियाणा में सफाई कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल से उत्पन्न कचरा संकट का मामला पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट पहुंच गया है। सिरसा से कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया द्वारा दायर जनहित याचिका पर कोर्ट आज सुनवाई करेगी। याचिका में कहा गया है कि शहरों में कचरे के ढेर लगने से दुर्गंध और संक्रमण का खतरा बढ़ गया है, जिससे नागरिकों के स्वच्छ वातावरण के मूल अधिकार का उल्लंघन हो रहा है। कोर्ट से समस्या के समाधान के लिए आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की गई है।