MP रेखा शर्मा के बयान पर 16 जिलों में शिकायत:कुलदीप समर्थकों ने की FIR की मांग, हिसार में आज सर्वसमाज की बैठक

Spread the love

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल पर BJP सांसद रेखा शर्मा के दिए बयान पर बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा। 26 अप्रैल को हिसार की बिश्नोई मंदिर की बैठक में लिए फैसले के बाद अब तक 16 जिलों में रेखा शर्मा के खिलाफ शिकायत दी जा चुकी है। वहीं आज बाकी जिलों में भजनलाल एवं कुलदीप बिश्नोई समर्थक रेखा शर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए शिकायत करेंगे। समर्थकों की ओर से भिवानी, फतेहाबाद, गुरुग्राम, झज्जर, जींद, कैथल (कलायत), करनाल, कुरुक्षेत्र, महेंद्रगढ़, नूंह, अंबाला, पंचकूला, पानीपत, सोनीपत, यमुनानगर और चरखी दादरी सहित विभिन्न जिलों में समर्थकों ने पुलिस प्रशासन को शिकायत पत्र सौंपे। प्रदर्शनकारियों ने एकजुट होकर कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। वहीं इसी मामले में आज हिसार के बिश्नोई मंदिर में सर्वसमाज की बैठक बुलाई गई है। भजनलाल को बदमाश कहा था भाजपा की राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने 24 अप्रैल को पंचकूला में पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल पर विवादित बयान दिया था। रेखा शर्मा ने कहा कि इस एरिया में भजनलाल और उनके बेटे चंद्रमोहन (कांग्रेस विधायक) की बदमाशी थी। बदमाशी करके इन्होंने इलेक्शन जीते थे। रेखा शर्मा ने यह बयान पंचकूला में भाजपा के मेयर प्रत्याशी श्यामलाल बंसल के नामांकन से पहले हुई जनसभा में दिया था। खास बात ये है कि उस समय मंच पर मुख्यमंत्री नायब सैनी भी मौजूद थे। इसका वीडियो भी सामने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे व कांग्रेस विधायक चंद्रमोहन ने रेखा शर्मा को लीगल नोटिस भिजवाया था। भाजपा ने मामले से पल्ला झाड़ा हालांकि बयान के बाद भाजपा ने पूरे मामले से पल्ला झाड़ लिया है। कैथल के एक कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने कहा, “यह रेखा शर्मा की व्यक्तिगत सोच है, पार्टी की नहीं। वहीं भजनलाल के छोटे बेटे और भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई ने भी अपनी चुप्पी तोड़ते हुए कहा था कि “हम समंदर हैं, हमें खामोश रहने दो, जरा मचल गए, तो शहर ले डूबेंगे।