मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव अगले दो तीन दिनों में प्रदेश के किसी भी जिले में खरीदी केंद्र का औचक निरीक्षण कर सकते हैं। मुख्यमंत्री हेलिकॉप्टर से औचक निरीक्षण के लिए पहुंचेंगे और खरीदी केंद्र की सुविधाओं की जानकारी लेने के साथ किसानों के साथ संवाद भी करेंगे कि सरकार द्वारा तय सुविधाओं का लाभ उन्हें मिल रहा है या नहीं मिल रहा है। इसके चलते सभी कलेक्टरों को आगाह किया गया है कि वे अपने जिले में खरीदी केंद्रों की व्यवस्था का मॉनिटरिंग करें ताकि किसी तरह की लापरवाही की स्थिति सामने न आए। मुख्यमंत्री यादव के उड़नखटोले के औचक किसी भी जिले में उतरने की सूचना कलेक्टरों को किसी और ने नहीं बल्कि प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन ने दी है। उन्होंने कलेक्टरों, पुलिस अधीक्षकों, कमिश्नरों, आईजी रैंक के अफसरों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग से हुई मीटिंग में साफ कहा कि अगर कहीं गड़बड़ मिली तो सीएम की नाराजगी सामने आना तय है। दरअसल किसानों से गेहूं खरीदी को लेकर मिल रही शिकायतों और किसानों के गुस्से की खबर को लेकर राज्य सरकार काफी सतर्क है। मुख्यमंत्री द्वारा खरीदी के लिए हफ्ते में छह दिन तय करने के साथ स्लाट बुकिंग का टाइम भी बढ़ाया जा चुका है। इसलिए सभी जिलों के कलेक्टरों से गेहूं खरीदी केंद्रों पर सभी सुविधाएं देने के साथ किसानों को उपज का सही मूल्य दिलाने और निरीक्षण करने को कहा गया है। यह जानकारी भी दी गई कि किसानों की सुविधा के लिए समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी एवं स्लॉट बुकिंग की अवधि बढ़ाकर 23 मई कर दी गई है। पहले यह 9 मई तक तय थी जिसे बढ़ाकर अब 23 मई कर दिया गया है। स्वास्थ्य केंद्रों की स्थिति सुधारने कलेक्टर ब्लॉक लेवल मीटिंग करें मुख्य सचिव अनुराग जैन ने कलेक्टरों से कहा है कि प्रदेश में स्वास्थ्य केंद्रों की स्थिति में सुधार की जरूरत है। यहां अपेक्षित सुविधाएं देने के लिए कलेक्टरों को स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण करना है और ब्लॉक लेवल पर इससे संबंधित बैठकें करके लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं दिलाने के लिए काम करना होगा। कलेक्टरों से उन्होंने कहा है कि फील्ड विजिट करें और स्वास्थ्य केंद्रों की रिपोर्ट लें ताकि ग्रामीण और शहरी मरीजों को स्वास्थ्य सेवा का लाभ मिलता रहे। बालिका शौचालय बने पर पानी नहीं मिलने की शिकायत मुख्य सचिव ने कलेक्टरों से यह भी कहा है कि गांवों में स्कूलों में बालिका शौचालय तो बन गए हैं पर कई जिलों से रिपोर्ट आई है कि शौचालयों में पानी और साफ सफाई का भारी अभाव है। इसलिए कलेक्टर स्कूल शिक्षा विभाग के अफसरों के साथ बैठक कर यहां साफ सफाई और पानी का इंतजाम कराएं। समय समय पर स्कूलों का निरीक्षण कर उसकी फिजिकल स्थिति खुद भी देखने का काम करें। मुख्य सचिव ने यह भी कहा कि अभी भीषण गर्मी का दौर है और गांवों में पानी की दिक्कत हो सकती है। पेयजल परिवहन अभी नहीं हो रहा है लेकिन ग्रामीण इलाकों की स्थिति की जानकारी लेते रहें और लोगों को पानी के संकट की सूचना पर सुविधा देने का काम कराएं। स्कूलों में हों सौ फीसदी एडमिशन मुख्य सचिव जैन ने प्रदेश के विद्यालयों में बच्चों का शत-प्रतिशत प्रवेश कराने के निर्देश देते हुए कहा कि कलेक्टर स्कूलों में बच्चों को प्रवेश के लिए बच्चों के नामांकन की रोज समीक्षा करें। सभी बच्चों का नामांकन कराना तय कराएं। एक-एक बच्चे की मॉनीटरिंग करें तथा सभी बच्चों को स्कूल में प्रवेश दिलाएं। वृंदावन ग्रामों में लोगों की आय बढ़ाएं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में मुख्य सचिव ने वृन्दावन ग्रामों में किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि वृन्दावन ग्रामों का उद्देश्य लोगों की आय में बढ़ोतरी करना है। इस दिशा में योजना के क्रियान्वयन से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी कार्य करें। उन्होंने कहा कि वृन्दावन ग्रामों में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने, उद्यानिकी फसलों का रकबा बढ़ाने, आधुनिक खेती को बढ़ावा देकर लोगों की आय में वृद्धि की जा सकती है। जिलों में जाकर रिव्यू करें प्रभारी सचिव मुख्य सचिव जैन ने कहा जिलों के प्रभारी सचिव अपने प्रभार वाले जिलों में जाकर पेयजल व्यवस्था और गेहूं खरीदी कार्य की समीक्षा करें। पेयजल परिवहन अभी नहीं हो रहा है लेकिन ग्रामीण इलाकों की स्थिति की जानकारी लेते रहें और लोगों को पानी के संकट की सूचना पर सुविधा देने का काम कराएं। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में नर्मदा परिक्रमा पथ में पौधरोपण कार्य एवं नालों की साफ-सफाई पर भी चर्चा हुई। सीएस ने कहा कि नर्मदा नदी में मिलने वाले नालों की भी समुचित साफ-सफाई कराएं। मुख्य सचिव ने उल्लास नव भारत साक्षर कार्यक्रम की भी समीक्षा की।
गेहूं खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगे सीएम मोहन:दो-तीन दिनों के भीतर हेलिकॉप्टर से गांवों में पहुंचेंगे, लापरवाही पर लेंगे एक्शन
