हरियाणा में 18 जिलों में आज बारिश के आसार:3 दिन गर्मी से राहत, 40KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; नारनौल में 44.2°C पारा

Spread the love

हरियाणा में भीषण गर्मी और लू झेल रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। प्रदेश में एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है, जिसके प्रभाव से आज प्रदेश के 18 जिलों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार भिवानी, फरीदाबाद, पलवल, पानीपत, सोनीपत, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, महेंद्रगढ़, रोहतक, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, अंबाला, पंचकूला, कुरुक्षेत्र और करनाल में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस मौसमी बदलाव के कारण दिन के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को लू से राहत मिलेगी। एक दिन पहले नारनौल में प्रदेश में सबसे ज्यादा 44.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। आगामी 3 दिन कैसा रहेगा मौसम 28 अप्रैल को बारिश की गतिविधियों में और बढ़ोतरी होगी। सिरसा और आसपास के इलाकों में बारिश की उम्मीद है। 29 अप्रैल को दक्षिण हरियाणा के जिलों (गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात) में धूलभरी आंधी और हल्की बूंदाबांदी जारी रह सकती है। 30 अप्रैल को मौसम साफ होना शुरू हो जाएगा, हालांकि कुछ इलाकों में बादल छाए रहेंगे। जानिए कैसा रहा अधिकतम और न्यूनतम तापमान… अधिकतम तापमान: 3.6°C ऊपर रहा पारा : हरियाणा में सूर्य देव के तेवर तीखे बने हुए हैं। रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 3.6°C अधिक दर्ज किया गया। नारनौल में पारा 44.2 डिग्री तक पहुंच गया, जो सीजन के ऊंचे स्तरों में से एक है। हालांकि, शनिवार के मुकाबले औसत तापमान में 3°C की मामूली गिरावट आई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि सोमवार से शुरू हो रही बारिश और तेज हवाओं के कारण दिन के पारे में बड़ी गिरावट आएगी। अगले 48 घंटों में कई शहरों में पारा 40 डिग्री से नीचे आने की उम्मीद है। न्यूनतम तापमान लगातार बढ़ रहा : प्रदेश में न केवल दिन, बल्कि रातें भी अब तपने लगी हैं। राज्य का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.5°C ज्यादा चल रहा है। फरीदाबाद (30.7°C) में स्थिति ‘वार्म नाइट’ जैसी है, जहां रात का तापमान सामान्य से काफी ऊपर है। पिछले 24 घंटों में रात के पारे में 0.6°C की बढ़ोतरी हुई है। ठंडी हवाएं न चलने और बादलों की आवाजाही के कारण रात की उमस बढ़ी है। हालांकि, 27 अप्रैल की शाम से चलने वाली धूलभरी आंधी और संभावित बारिश के बाद रात के तापमान में 2 डिग्री तक की कमी आ सकती है।