टोल प्लाजा पर कार ड्राइवर ने गनमैन को रौंदा, VIDEO:बिजनौर में महिला कर्मचारी से अभद्रता के विरोध पर मारी टक्कर, मेरठ रेफर

Spread the love

बिजनौर में नगीना-धामपुर मार्ग स्थित पुरैनी टोल प्लाजा पर कार ड्राइवर ने महिला कर्मचारी और गनमैन को रौंद दिया। बुधवार शाम को टोल से गुजरते समय ड्राइवर ने महिला कर्मचारी पर गंदे कमेंट किए। विरोध करने पर वह गाली-गलौज और अभद्रता करने लगा। विवाद बढ़ने पर महिला कर्मचारी को बचाने के लिए गनमैन आगे आया। इसके बाद उससे भी गाली-गलौच होने लगी। तभी कार सवार ने गनमैन को जान से मारने की नीयत से कार से जोरदार टक्कर मार दी। जिसके बाद मौके से फरार हो गया। हादसे में गनमैन का सिर फट गया। घायल गनमैन को टोलकर्मियों ने सीएचसी पहुंचाया, जहां से उसे मेरठ रेफर कर दिया गया। हादसे का VIDEO भी सामने आया है। मामला नगीना थानाक्षेत्र का है। अब जानिए पूरा मामला नगीना-धामपुर मार्ग पर स्थित पुरैनी टोल प्लाजा पर सामान्य रूप से वाहनों की आवाजाही चल रही थी। टोल बूथ पर महिला कर्मचारी शिवानी अपनी ड्यूटी कर रही थी, तभी वहां एक तेज रफ्तार कार आकर रुकी। कार चलाने वाला व्यक्ति बुरी तरह शराब के नशे में धुत था। वह अपने होश-ओ-हवास खो चुका था। टोल कटने के बाद उसने महिला कर्मचारी शिवानी पर गंदे कमेंट किए। महिला ने विरोध किया तो वह बदतमीजी पर उतर आया। उसने महिला कर्मी के साथ अभद्र व्यवहार किया, गंदी-गंदी गालियां दीं और हंगामा खड़ा कर दिया। जब महिला कर्मचारी के साथ अभद्रता की जा रही थी, तो बूथ के पास ही ड्यूटी पर तैनात स्योहारा निवासी गनमैन महिपाल सिंह (65) से यह सब देखा नहीं गया। गनमैन महिपाल तुरंत महिला कर्मचारी के बचाव में आगे आए। महिपाल ने नशे में धुत कार सवार को उसकी इस शर्मनाक हरकत के लिए टोका और उसे महिला से दूर रहने तथा तमीज से बात करने की हिदायत दी। उन्होंने कार सवार को वहां से शांति से चले जाने को कहा। लेकिन शराब के नशे में धुत कार सवार एक बुजुर्ग सुरक्षाकर्मी से भी गाली-गलौज करने लगा। गुस्साए दबंग ने बुजुर्ग पर चढ़ा दी कार विवाद शांत होने के बजाय और भड़क गया। कार सवार ने अपनी कार स्टार्ट की और महिपाल को डराने के बजाय सीधे उनके ऊपर गाड़ी चढ़ा दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिपाल छिटककर दूर जा गिरे और बुरी तरह लहूलुहान हो गए। उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। महिपाल के गिरते ही टोल प्लाजा पर चीख-पुकार मच गई। अन्य कर्मचारी दौड़कर उनकी ओर भागे। इस अफरा-तफरी का फायदा उठाते हुए आरोपी कार सवार अपनी गाड़ी की रफ्तार बढ़ाकर मौके से फरार हो गया। इसके बाद वहां मौजूद अन्य टोल कर्मचारियों ने लहूलुहान महिपाल को उठाया और तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। सिर में गहरी चोट से हालत गंभीर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बताया कि महिपाल के सिर में गहरी चोट लगी है और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। बेहतर और एडवांस मेडिकल ट्रीटमेंट के लिए उन्हें तुरंत मेरठ के हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया। फिलहाल मेरठ के एक निजी अस्पताल में महिपाल का सघन इलाज चल रहा है। महिपाल के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। सुरक्षाकर्मी को कार से टक्कर मारने का VIDEO भी मोबाइल में कैद हो गया। टोल कर्मचारी बोला- कार सवार पूरी तरह नशे में था टोल कर्मचारी अरशद ने बताया, “कार सवार पूरी तरह नशे में था। उसने बिना किसी वजह के हमारी महिला स्टाफ शिवानी के साथ बदतमीजी की। जब हमारे गनमैन महिपाल अंकल ने उसे रोका, तो उसने गुस्से में जानबूझकर उन पर गाड़ी चढ़ा दी और भाग निकला। हम सब महिपाल अंकल को लेकर अस्पताल भागे।” आरोपी की पहचान की कोशिश जारी नगीना सीओ राजेश सोलंकी ने बताया, “पुरैनी टोल प्लाजा पर एक कार सवार द्वारा गनमैन को टक्कर मारने का मामला संज्ञान में आया है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है और टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले लिए हैं। फुटेज में कार का नंबर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं। आरोपी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
……………… ये खबर भी पढ़िए…. पवन सिंह-रवि किशन के ठुमके पर फैंस बेकाबू, VIDEO: पुलिस ने जमकर भांजी लाठियां; लोगों के सिर फटे यूपी के बलिया में भोजपुरी स्टार पवन सिंह और सांसद रवि किशन के कार्यक्रम में जमकर कुर्सियां चलीं। पुलिस ने हंगामा कर रहे दर्शकों को दौड़ा-दौड़ाकर लाठियों से पीटा। इसमें कई को चोटें आई हैं। एक युवक का सिर फूट गया। कार्यक्रम के बीच तीन बार भीड़ बेकाबू हुई। इसमें 200 से ज्यादा कुर्सियां टूट गईं। VIDEO देखिए…