इंदौर के लोक नायक नगर में 12 अप्रैल को एक युवक को नकली टाटा नमक की पैकिंग करते हुए पुलिस ने पकड़ा था। एरोड्रम पुलिस की जांच में पता चला है कि आरोपी जितेंद्र गुप्ता सियागंज मार्केट से खुला सस्ता नमक खरीदता था। बाद में उसे टाटा नमक की पैकिंग कर बेच देता था। वह यह धंधा पिछले दो महीने से चला रहा था। वह नमक को टाटा नमक की थैलियों में इस तरह पैक करता था कि आम लोगों को असली और नकली में फर्क करना मुश्किल हो जाता था। एरोड्रम थाना पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद दबिश देकर आरोपी को पकड़ा और मौके से नकली पैकेट, कच्चा नमक और पैकिंग सामग्री जब्त की। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पूरी प्लानिंग के साथ काम कर रहा था। उसने सस्ता नमक खरीदकर ब्रांडेड पैकिंग में बेचा और जमकर मुनाफा कमाया। 1850 किलो कच्चा माल जब्त किया एरोड्रम पुलिस ने नकली टाटा नमक की पैकिंग करने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था। टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड के टेक्निकल एक्सपर्ट की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई कर 840 पैकेट नकली टाटा नमक और 1850 किलो कच्चा माल जब्त किया था। सियागंज से लाता था खुला नमक टीआई तरुण सिंह भाटी के मुताबिक आरोपी पिछले दो से तीन महीने से सियागंज से खुला नमक मंगवाकर फैक्ट्री में ब्रांडेड पैकिंग में भर रहा था। पैकिंग इतनी सटीक थी कि लोगों को शक नहीं हो पाता था। दिल्ली से पैकिंग का सामान मंगवाता था जांच में सामने आया कि आरोपी दिल्ली से ब्रांडेड कट्टे और पॉलीथिन मंगवाता था। पुलिस ने आरोपी के पास से 980 खाली पैकेट, 32 बोरे, तौल मशीन, पैकिंग मशीन, सिलाई मशीन और डिजिटल तराजू जब्त किए।
सियागंज से सस्ता नमक खरीदकर की ब्रांडेड पैकिंग:इंदौर में 2 महीने पहले शुरू किया काम; आसपास के इलाकों में बेचा नकली टाटा नमक
