पुरुष वर्ग का फाइनल रहा रोमांचक
पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में बिरसा कॉलेज खूंटी का सामना एसएस मेमोरियल कॉलेज, रांची से हुआ। मुकाबला बेहद कांटेदार और रोमांच से भरपूर रहा। मैच के पहले हाफ में बिरसा कॉलेज खूंटी ने दो गोल कर बढ़त बनाई, लेकिन दूसरे हाफ में एसएस मेमोरियल कॉलेज की टीम ने वापसी करते हुए दो गोल दागकर मैच को बराबरी पर ला दिया। तय समय तक दोनों टीमों का स्कोर 2-2 रहने पर मुकाबले का फैसला पेनल्टी शूटआउट के जरिये किया गया।
पेनल्टी शूटआउट में बिरसा कॉलेज खूंटी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2-0 से जीत दर्ज की और पुरुष वर्ग का खिताब अपने नाम किया। इस मुकाबले में बिरसा कॉलेज के गोलकीपर दुर्गा मुंडा ने अद्भुत गोल बचाव कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें बेस्ट गोलकीपर के खिताब से सम्मानित किया गया।
महिला वर्ग में भी बिरसा कॉलेज खूंटी का जलवा
महिला वर्ग के फाइनल में भी बिरसा कॉलेज की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिमडेगा कॉलेज, सिमडेगा को पराजित कर विजेता का खिताब अपने नाम किया।
वहीं समापन समारोह के मुख्य अतिथि रांची विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण अधिष्ठाता (डीएसडब्ल्यू) डॉ सुदेश कुमार साहू ने विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को कप और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सभी खिलाड़ियों ने खेल भावना का परिचय देते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया और सफलता के लिए महत्वपूर्ण सुझाव भी साझा किया।
कार्यक्रम में बिरसा कॉलेज खूंटी के प्रभारी प्राचार्य डॉ सीके भगत ने सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खूंटी की धरती खेल प्रतिभाओं से समृद्ध है। यहां के खिलाड़ी समय-समय पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रौशन करते आए हैं।
समापन अवसर पर खेल प्रभारी राजकुमार गुप्ता, डॉ पुष्पा सुरीन, जया भारती कुजूर, डॉ अभिषेक कुमार, वासुदेव हस्सा, जय कच्छप, तारीफ लुगुन, डॉ सी मिंज सहित अन्य मौजूद थे।
