यूपी की बड़ी खबरें:बाराबंकी में बेटे को पिटता देख पिता की हार्टअटैक से मौत; 2 दिन बाद घायल बेटे ने भी दम तोड़ा

Spread the love

बाराबंकी में जमीनी विवाद के कारण पिता-पुत्र की मौत हो गई। दो दिन पहले शुक्रवार को बेटे को पिटता देखकर पिता को हार्टअटैक आया था। वहीं बेटा भी मारपीट में गंभीर घायल हो गया था। घर वाले दोनों को अस्पताल ले गए। वहां पिता को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं रविवार को इलाज के दौरान बेटे की भी मौत हो गई। परिजनों ने गांव के 5 लोगों के खिलाफ शिकायत दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामला सूरतगंज थाना रामनगर क्षेत्र का है। पढ़ें पूरी खबर कौशांबी में घर का दरवाजा बंद कर बेटे ने मां को पीट-पीटकर मार डाला, पैसे को लेकर हुआ था विवाद; गिरफ्तार कौशांबी में घर का दरवाजा बंद कर एक बेटे ने मां की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। युवक की मां से पैसों को लेकर विवाद हुआ था। जिससे युवक ने बुजुर्ग मां की गला दबाकर मार डाला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच पड़ताल शुरू कर दी। आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है। मामला कोखराज थाना क्षेत्र के भरवारी कस्बे की है। भरवारी कस्बे के पुरानी बाजार इलाके के गुड्डू उर्फ याकूब (40) रविवार की शाम रोजाना की तरह उसने अपनी मां आयशा (80) से विवाद किया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी बेटे ने अपनी मां के साथ मारपीट शुरू कर दी। पढ़ें पूरी खबर… देवकीनंदन ठाकुर बोले- सनातनी बनने के लिए तिलक जरूरी; AMU में मस्जिद बनी तो मंदिर क्यों नहीं? बुलंदशहर में रविवार को प्रसिद्ध कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर ने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में मंदिर बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि जब AMU में मस्जिद है, तो मंदिर क्यों नहीं होना चाहिए। यह भी कहा कि यदि विश्वविद्यालय परिसर में तिलक लगाने से रोका जाता है, तो टोपी पहनने पर भी रोक लगनी चाहिए। देवकीनंदन ठाकुर ने कहा कि हर सनातनी को अपने माथे पर तिलक लगाना चाहिए। कथावाचक ने यह भी कहा कि आक्रांताओं द्वारा तोड़े गए मंदिरों के स्थान पर दोबारा मंदिर बनाए जाने चाहिए। इससे भारत अपने पुराने गौरव को फिर से प्राप्त कर सकेगा और ‘सोने की चिड़िया’ बनेगा। ठाकुर खुर्जा में आयोजित श्री कुंज बिहारी सेवा परिकर के चतुर्थ वार्षिकोत्सव में शामिल होने पहुंचे थे। पढ़ें पूरी खबर… कानपुर में बिजली विभाग के क्लर्क की सोते-सोते मौत, काशी में टेंट सिटी लगाने वाले से 34 लाख की वसूली कानपुर के गोविंद नगर में बिजली विभाग के बाबू बेड पर मृत मिले। कन्नौज में तैनात 45 वर्षीय ब्रजेश कुमार यादव शनिवार रात खाना खाने के बाद घर में कमरे में सोने चले गए थे। रविवार सुबह काफी देर तक जब वह नहीं उठे तो परिजनों को शक हुआ। दरवाजा तोड़कर अंदर देखा गया तो वह बिस्तर पर बेसुध पड़े थे। परिजन उन्हें कांशीराम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पढ़ें पूरी खबर… आजमगढ़ में गांव के बाहर पेड़ से लटकी मिली लाश, युवती ने अफेयर में जान दी आजमगढ़ में पेड़ से लटक कर एक युवती ने जान दे दी। आसपास से गुजर रहे लोगों ने देखा कि गांव के बाहर बनी एक कुटी के पास एक युवती फंदे से झूल रही थी। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने डेड बॉडी को उतरवा कर परिजनों को सूचना दी। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। घटना बरदह थाना क्षेत्र के बर्रा गांव की है। मृतक युवती की पहचान अंजनी राजभर (24) के रूप में हुई है। अंजली अपने परिवार के साथ रहती थी। उसके पिता राजेश राजभर खेती-किसानी करते हैं। घटना को लेकर आसपास के लोगों ने बताया कि एक युवक गांव में फेरी लगाने आता था। उसी से युवती का प्रेम संबंध था। पढ़ें पूरी खबर… वाराणसी में टेंट सिटी लगाने वाले पर जुर्माना, NGT ने 34.24 लाख रुपए वसूलने का आदेश दिया वाराणसी के अस्सी घाट के सामने गंगा की तलहटी में बसाई गई टेंट सिटी को नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) ने अवैध घोषित कर दिया है। एनजीटी ने अपने फैसले में कहा कि नदी के तट और बाढ़ क्षेत्र में टेंट सिटी का निर्माण और संचालन पर्यावरणीय नियमों, गंगा संरक्षण कानूनों और ट्रिब्यूनल के पूर्व आदेशों का खुला उल्लंघन है। ट्रिब्यूनल ने साफ किया कि भविष्य में गंगा के तट पर किसी भी तरह की टेंट सिटी बसाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। एनजीटी की प्रधान पीठ, नई दिल्ली ने उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग को निर्देश दिया है कि दोनों टेंट सिटी संचालकों से 34.24 लाख रुपए की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति तीन माह के भीतर वसूली जाए। मामले की सुनवाई 12 दिसंबर 2025 को पूरी हुई थी, जबकि फैसला 8 जनवरी 2026 को सुनाया गया। पढ़ें पूरी खबर… आगरा में 2 कार और 4 दुकानों में लगी आग, बुझाने में ढाई घंटे लगे आगरा के नरीपुरा इलाके में शनिवार देर रात चार दुकानों में अचानक आग लग गई। इसकी चपेट में पास खड़ी दो कारें भी आ गईं और जलकर राख हो गईं। आग की लपटें पास ही स्थित उस घर तक पहुंच गईं, जहां कुछ घंटे पहले सगाई समारोह हुआ था। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे शादी वाला घर बड़ी क्षति से बच गया। फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों की करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। घटना रात करीब 3 बजे की है। शिवनगर निवासी यूनिस के मुताबिक, उनके भाइयों शाहरुख और अब्दुल की शनिवार को सगाई थी। समारोह के बाद सभी परिजन सो गए थे, तभी अब्दुल की नींद खुली और दुकानों से आग की लपटें उठती दिखीं। देखते ही देखते चारों दुकानों में आग फैल गई। घर के पास खड़ी XUV 700 और ईको कार के साथ दो ई-रिक्शा भी जल गए। दुकानों में रखा किराने का सारा सामान राख हो गया, जिससे लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पढ़ें पूरी खबर…