बलिया में ताजिया जुलूस के दौरान फायरिंग व पत्थरबाजी, कई घायल

Spread the love

बलिया में ताजिया जुलूस के दौरान फायरिंग व पत्थरबाजी, कई घायल

बलिया, 07 जुलाई (हि.स.)। रेवती थाना क्षेत्र के खरिका गांव में रविवार देर रात ताजिया जुलूस के दौरान हुए एक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बिजली का तार काटने को लेकर दो समुदायों के युवकों में कहासुनी हो गई, जिसके बाद फायरिंग में मुस्लिम पक्ष के चार युवक घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। दो की हालत गंभीर होने पर वाराणसी रेफर किया गया है।

खरिका गांव में ताजिया जुलूस बीती रात करीब 11 बजे पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में निकाला जा रहा था। जुलूस जब यादव बस्ती में साधु यादव के घर के सामने से गुजर रहा था, तो बिजली के तार ताजिए से टकरा रहे थे। मुस्लिम पक्ष के युवकों ने तार काट दिए, जिससे इलाके की बिजली बाधित हो गई। इस पर यादव पक्ष के युवकों ने नाराजगी जताई, लेकिन मौके पर कुछ नहीं कहा।

इसके बाद मुस्लिम पक्ष के कुछ युवक ताजिया दफन करने के बाद कर्बला से वापस गांव लौट रहे थे, तभी यादव बस्ती के पास दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी दौरान कुछ युवकों ने फायरिंग कर दी। घटना में खरिका कौलेन पाण्डेय के टोला निवासी टीपू के हाथ में तथा कुसौरी निवासी नौशाद को पेट में गोली लगी। ईंट-पत्थर से खरिका निवासी माे. इंतजार के कनपटी व माे. रहमत के सिर में चोटे लगी हैं।

सूचना पर एसपी ओमवीर सिंह भी दल बल के साथ पहुंच गए। उनके नेतृत्व में रेवती, सहतवार, बैरिया, मनियर समेत 12 थानों की फोर्स मौके पर तैनात कर दी गई। पुलिस ने घायलों को तत्काल ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां नौशाद और टीपू की हालत गंभीर है। दाेनाें काे जिला अस्पताल से वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया है। मो. इंतजार और मो. रहमत का इलाज जिला चिकित्सालय बलिया में हो रहा है। गांव में तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

एसपी ओमवीर सिंह ने सोमवार को बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल पर शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। इस सम्बन्ध में परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी हैं।

लापरवाही पर एसओ लाइन हाजिर, दरोगा व सिपाही सस्पेंड

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि ताजिया जुलूस के दौरान ड्यूटी में लगे रेवती थाने के दरोगा जितेन्द्र पाण्डेय एवं आरक्षी आनन्द कुमार को ड्यूटी में लापरवाही और अनुशासनहीनता बरतने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलम्बित किया गया है। साथ ही थानाध्यक्ष रेवती प्रशान्त कुमार को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रकरण की जांच क्षेत्राधिकारी सदर को सौंपी है।

—————