घटना अछल्दा रेलवे स्टेशन के पूरब दिशा में इनायतपुर गांव के पास डाउन लाइन पर हुई। स्टेशन मास्टर ने घटना की सूचना तुरंत आरपीएफ को दी। आरपीएफ कर्मी राकेश कुमार और विजय चौहान मौके पर पहुंचे और युवक को समझा-बुझाकर रेलवे ट्रैक से हटाया।
पूछताछ में युवक की पहचान उपेंद्र कुमार पुत्र शिवनाथ सिंह निवासी ग्राम गुरखुंदा, थाना बिधूना के रूप में हुई। उपेंद्र ने बताया कि वह लाही और आलू की फसल बोने के लिए डीएपी खाद लेने के प्रयास में कई दिनों से इफ्को केंद्र नवलगंज के चक्कर लगा रहा था। लगातार खाद न मिलने से हताश होकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश की।
आरपीएफ टीम ने युवक को हिरासत में लेकर अछल्दा थाना पुलिस को सौंप दिया। मौके पर पहुंचे उप निरीक्षक धर्मेंद्र दरोगा ने विभागीय अधिकारियों से वार्ता कर किसान को शुक्रवार तक खाद उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
घटना के चलते डाउन लाइन पर चलने वाली दो ट्रेनें — 04160 और 04098 नई दिल्ली से हसनपुर मार्ग की — कुछ समय के लिए प्रभावित रहीं। समय रहते ट्रेन रोक दिए जाने से एक बड़ी दुर्घटना टल गई और किसान की जान बच गई।
