गुरुग्राम में रेप की झूठी FIR करवा कर रुपयों के लिए ब्लैकमेल करने के आरोप में पुलिस ने एक एयरलाइन की केबिन क्रू (एयर होस्टेस) को अरेस्ट किया है। युवती ने पहले भी एक युवक को रेप का केस लगा रखा है। उसी युवक के दोस्त के साथ मिलकर इस केबिन क्रू ने इस वारदात को अंजाम दिया। एयरलाइन कर्मी महिला मूल रूप से राजस्थान की रहने वाली है और फिलहाल कापसहेड़ा में किराए के मकान में रहती है। पुलिस अब उसके साथी जितेंद्र उर्फ बिट्टू की तलाश भी कर रही है। खास बात ये है कि बिट्टू भी रेप के केस में जेल जा चुका है और उसने बदला लेने के लिए जिस महिला ने रेप का आरोप लगाया था, उसी के पति को केबिन क्रू से टारगेट करवा दिया, लेकिन केबिन क्रू तकनीकी आधार पर अपनी बनाई कहानी में खुद ही फंस गई । 3 प्वाइंट में समझे रेप की उलझी हुई कहानी……… पहले दोस्त पर लगाया रेप का आरोप: केबिन क्रू ने सेक्टर 14 थाने में जुलाई 2025 में अभिषेक नाम के युवक पररेप का केस दर्ज कराया था। इस केस में अभिषेक जेल में चला गया। जेल में अभिषेक की मुलाकात जितेंद्र उर्फ बिट्टू से हुई। बिट्टू पर सोहना थाने में रेप का केस था, जो एक शादीशुदा महिला ने दर्ज कराया। अभिषेक ने बिट्टू से मिलने को कहा: जेल में मुलाकात के दौरान एयर होस्टेस ने अभिषेक से कहा कि उसे पैसों की जरूरत है। इसके कुछ दिन बाद जितेंद्र उर्फ बिट्टू जेल से बाहर आ गया था। जिस पर अभिषेक ने महिला से कहा कि वह बिट्टू से मिल ले, वो मदद करेगा। रेप केस कराने वाली के पति को टारगेट बनाया: एयर होस्टेस बिट्टू से मिली और रुपयों की मांग की। जिस पर बिट्टू ने उससे कहा कि जिस महिला ने उसके ऊपर रेप केस करवाया था, उसके पति के खिलाफ रेप केस करवा कर रुपए लेंगे। इससे मेरा बदला उतर जाएगा और तुम्हें पैसे मिल जाएंगे। इसके बाद सोहना के एक गांव के रहने वाले व्यक्ति पर एयर होस्टेस के खिलाफ एफआईआर करवा दी। केबिन क्रू ने रची झूठी कहानी
केबिन क्रू ने 11 दिसंबर 2025 को DLF फेज-2 थाने में शिकायत दर्ज कराई कि ऑनलाइन जॉब पोर्टल पर प्रोफाइल बनाने के बाद एक मोबाइल नंबर से संपर्क हुआ। 15 नवंबर 2025 को दोपहर 2 बजे नौकरी इंटरव्यू के बहाने MG रोड मेट्रो स्टेशन पर उसे बुलाया गया। एक युवक ने ऑफिस की गाड़ी बताकर उसे कार में बैठाया। इस कार को अजय नामक व्यक्ति चला रहा था। वे उसे पहले MGF मेट्रोपोलिटन मॉल ले गए, फिर वापस छोड़ते समय गाड़ी में उसके साथ रेप किया और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। तकनीकी जांच में फंसी एयरहोस्टेस पुलिस ने शिकायत की जांच शुरू की तो घटनास्थल MG रोड मेट्रो, MGF मॉल, कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स, तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया गया। जांच में कोई सबूत नहीं मिला। न तो गाड़ी और न आरोपी युवक की मौजूदगी वहां पर मिली। शिकायत में बताई कहानी की पुष्टि पूरी तरह विफल रही। उल्टे उपलब्ध साक्ष्यों से साजिश साफ हो गई कि यह झूठी कहानी पैसे ऐंठने और दबाव बनाने के लिए रची गई थी। पूछताछ में महिला ने खुद बिट्टू से मिलकर योजना बनाने की बात कबूल कर ली, जिससे वह खुद फंस गई। झूठी एफआईआर करवाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि केबिन क्रू को अरेस्ट करके रिमांड पर लिया गया है। पूछताछ में उसने पूरी साजिश की जानकारी दी। झूठा केस हटाकर महिला पर नई धाराएं लगाई गईं हैं। बिट्टू की तलाश जारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि झूठे केस करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी, क्योंकि इससे असली पीड़ितों को नुकसान होता है।
गुरुग्राम में रेप की झूठी FIR करवाने वाली एयर-होस्टेस अरेस्ट:जॉब इंटरव्यू के बहाने चलती कार में रेप की कहानी बनाई, युवक का दोस्त भी मिला हुआ
