झज्जर जिले के कबलाना गांव में एक घर इन दिनों पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। यहां भूप सिंह के मकान में पिछले दो दिनों से लगातार सांप निकल रहे हैं, जिससे पूरा परिवार भय और दहशत के माहौल में जीने को मजबूर है। हालात ऐसे हैं कि, परिवार के लोग दिन-रात हाथों में लाठी-डंडे और टॉर्च लेकर पहरा दे रहे हैं। पूरी रात जागकर काट रहे हैं। घर में छोटे बच्चे होने के कारण डर का माहौल और ज्यादा गहरा गया है। बच्चे रातभर सहमे रहे और ठीक से सो भी नहीं पाए। दो दिन में निकल चुके 50 सांप परिवार का कहना है कि पिछले दो दिन में घर से 50 से ज्यादा सांप निकल चुके हैं। मंगलवार देर रात भी रसोई, बाथरूम और वॉशबेसिन के आसपास लगातार सांप दिखाई देते रहे। परिवार के लोगों ने कई सांपों को मार गिराया, जबकि कई सांप पाइपों और नालियों के रास्ते भाग गए। बताया जा रहा है कि ज्यादातर सांप एक से दो फुट लंबे हैं, लेकिन आसपास के लोगों के सहयोग से वॉशबेसिन के नीचे से करीब पांच फुट लंबा सांप भी निकाला गया। बिच्छू और कानखजूरा भी निकल चुके इतना ही नहीं, घर के अलग-अलग हिस्सों से 3 बिच्छू और 5 कानखजूरा भी निकल चुके हैं, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई है। भूप सिंह और उनके परिवार का आरोप है कि घर के बाहर से गुजर रहे गंदे नाले की लंबे समय से सफाई नहीं हुई है। नालों में जमा गंदगी और पानी के कारण जहरीले जीव लगातार घरों की ओर आ रहे हैं। परिवार का कहना है कि सड़क किनारे गुजर रही पानी सप्लाई पाइपलाइन के जरिए सांप घर के अंदर पहुंच रहे हैं और रसोई के वॉशबेसिन व बाथरूम से जुड़े पाइपों में भी सांप दिखाई दे रहे हैं। प्रशासन पर लापरवाही का आरोप गांव के लोग इस घटना को लेकर तरह-तरह की बातें कर रहे हैं। कुछ लोग इसे धार्मिक मान्यता से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि पीड़ित परिवार इसे गंदगी और प्रशासनिक लापरवाही का नतीजा मान रहा है। परिवार और ग्रामीणों ने प्रशासन से तुरंत नालों की सफाई, दवा का छिड़काव और विशेष अभियान चलाने की मांग की है ताकि लोगों को राहत मिल सके और किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
झज्जर का एक मकान में सांपों का डेरा:दो दिन में निकल चुके 50 सांप, हाथ में लाठी लेकर रात काट रहा पूरा परिवार
