अनूपपुर: प्रेमिका के बात न करने से नाराज प्रेमी चढ़ा हाई टेंशन लाइन के टावर पर, समझाइश के बाद उतरा

Spread the love

कोतवाली निरीक्षक अरविंद जैन ने बताया कि 28 अगस्त की दोपहर करीब डायल 100 सर्विस भोपाल के द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम अनूपपुर एवं थाना प्रभारी कोतवाली को सूचना मिली की बरबसपुर ग्राम में पावर ग्रिड कारपोरेशन के हाई टेंशन लाइन के टावर में एक नवयुवक चढ़ा हुआ है जो कूद कर जान देने की बात कर रहा है। जिस पर पुलिस अधीक्षक अनूपपुर मोती उर रहमान के निर्देशन में तत्काल टी.आई कोतवाली अरविंद जैन पुलिस बल एवं विद्युत विभाग से जे. ई.सुनील मिश्रा, पावर ग्रिड कारपोरेशन ऑफ़ इंडिया अनूपपुर के मैनेजर प्रवीण गुप्ता के साथ मौके पर पहुंचे जहां हाई टेंशन लाइन के टावर पर काफी ऊंचाई पर एक नवयुवक चढ़ा हुआ था। बातचीत पर युवक ने बताया कि उसकी प्रेमिका ने विगत चार दिन से मोबाइल फोन पर बात करना बंद कर दिया है जिससे वह जान देना चाहता है और साथ में अपने साथ जहर का पैकेट और पानी की छोटी बोतल भी रखा है यदि कूदने से नहीं मरा तो जहर पीकर मर जाएगा।

जिस पर कोतवाली निरीक्षक अरविंद जैन ने नवयुवक की करीब 2 घंटे तक काउंसलिंग कर विश्वास दिलाया गया कि उसकी पूरी मदद की जाएगी तब वह नीचे उतरा जिसे सुरक्षित उसके परिजन को सौंपा। 21 वर्षीय नवयुवक शहडोल जिले का रहने वाला है, जिसने अपनी प्रेमिका के द्वारा पिछले 4 दिन से मोबाइल पर बात न करने से नाराज होकर आत्महत्या का मन बनाकर टावर पर चढ़ना बताया। पुलिस ने पूरे मामले को जांच में लिया है।