सोनीपत जिले के गोहाना में नई सब्जी मंडी के पीछे बोरे में बंद महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मामले में पुलिस जांच के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। पुलिस ने महिला के पति संदीप, उसके भतीजे और उत्तर प्रदेश निवासी एक युवक के खिलाफ हत्या, शव छिपाने और आपराधिक साजिश का केस दर्ज किया है। शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी ने पहले पत्नी की बेरहमी से पिटाई की, फिर शव को ठिकाने लगाने के लिए कई तरीके अपनाए। पुलिस को यह भी पता चला है कि आरोपी शव को दफनाने के लिए नमक के पैकेट तक खरीदकर लाया था। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। “लोहे का कट्टा” बताकर बुलाया, अंदर निकली महिला की लाश मामले के शिकायतकर्ता निजामुद्दीन ने पुलिस को बताया कि 24 मई की शाम वह दूध लेने के लिए सोनीपत रोड पर गया था। इसी दौरान उसकी मुलाकात गांव घड़वाल निवासी संदीप से हुई। संदीप उसे अपने किराए के मकान पर ले गया, जहां उसका भतीजा और उत्तर प्रदेश निवासी गुलजार भी मौजूद था। तीनों ने उससे कहा कि लोहे से भरा एक भारी कट्टा पास के खाली प्लॉट में डालना है। जब उसने कट्टे को उठाने की कोशिश की, तो उसे शक हुआ कि उसमें लोहे का सामान नहीं, बल्कि किसी इंसान का शव है।
“पत्नी को मार दिया”, विरोध करने पर मिली धमकी निजामुद्दीन के मुताबिक जब उसने कट्टे के बारे में सवाल किया, तो आरोपियों ने कथित तौर पर कहा कि उन्होंने कहा हां संदीप की पत्नी प्रियंका की हत्या कर दी है। आरोप है कि तीनों ने उसे धमकाया कि यदि उसने किसी को कुछ बताया तो उसे भी उसी कट्टे में बंद कर देंगे। डर के कारण उसने आरोपियों के कहने पर बोरे को प्लॉट की नींव में डलवा दिया। घटना से घबराया निजामुद्दीन घर लौट गया और कुछ देर बाद हिम्मत जुटाकर डायल-112 पर सूचना दी। कमरे से घसीटकर बाहर लाए थे बोरा निजामुद्दीन ने बताया कि उसने अपनी आंखों से देखा कि संदीप और गुलजार कमरे के अंदर से कट्टे को घसीटते हुए बाहर लेकर आए थे। कट्टे का वजन असामान्य था और उसे उठाते ही शक हो गया था कि अंदर कोई इंसानी शव है।उसने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उसे धमकाकर चुप करा दिया। घटना के समय घर में संदीप, उसका भतीजा और गुलजार मौजूद थे। नींव में दबा मिला शव, जांच शुरू सूचना मिलने के बाद शहर गोहाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और खाली प्लॉट की नींव में दबे कट्टे को बाहर निकलवाया। कट्टा खोलने पर उसमें महिला का शव मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जब महिला के परिवार की तरफ से शव लेने वाला कोई नहीं मिला, तो महिला के ससुर व अन्य लोगों ने ही घड़वाल में महिला प्रियंका का दाह संस्कार किया। प्रारंभिक जांच में हत्या के बाद शव छिपाने की आशंका जताई गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। शराब के नशे में करता था मारपीट पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी संदीप मूल रूप से गांव घड़वाल का रहने वाला है और पिछले करीब आठ साल से गोहाना की नई सब्जी मंडी के पीछे किराए के मकान में रहकर कबाड़ का काम करता था।
जानकारी के मुताबिक संदीप शराब पीने का आदी था और अक्सर पत्नी प्रियंका के साथ मारपीट करता था। प्रियंका को उसका शराब पीना पसंद नहीं था, जिसको लेकर दोनों के बीच विवाद रहता था। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन भी आरोपी ने नशे की हालत में पत्नी की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। बच्चों को पहले ही गांव छोड़ आया था आरोपी जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी कुछ दिन पहले अपने बच्चों को गांव घड़वाल छोड़कर आया था। संदीप ने प्रियका को मारने की पहल ही प्लानिंग कर ली थी। संदीप ने दो शादियां की थीं। पहली पत्नी से उसके दो बच्चे बताए गए हैं, जबकि प्रियंका के भी तीन बच्चे हैं। पुलिस के अनुसार संदीप और प्रियंका की मुलाकात दिल्ली में हुई थी। पहली पत्नी से अलग होने के बाद उसने प्रियंका से दूसरी शादी की थी। शव ठिकाने लगाने को खरीदे थे नमक के पैकेट पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए लगातार तरीके बदल रहा था। सबसे पहले उसने घर के आंगन में गड्ढा खोदकर शव दबाने की योजना बनाई। इसके लिए वह पास की दुकान से करीब 10 पैकेट नमक खरीदकर लाया था। दुकानदार ने जब इतने नमक का कारण पूछा, तो आरोपी ने कहा था कि कई कुत्ते मर गए हैं और उन्हें दबाना है। पुलिस को शक है कि आरोपी नमक डालकर शव को जल्दी गलाने की कोशिश करना चाहता था। ऑटो में शव लेकर घूमता रहा आरोपी जब आंगन में शव दबाने की योजना सफल नहीं हुई तो आरोपी महिला के शव को ऑटो में डालकर बाहर ले गया। हालांकि उसे कहीं शव फेंकने की सुरक्षित जगह नहीं मिली, जिसके बाद वह शव को वापस घर ले आया।
इसके बाद उसने पड़ोसी निजामुद्दीन को बहाने से बुलाया और भारी कट्टा उठाने की बात कहकर शव को प्लॉट की नींव में फिंकवा दिया। परिवार ने किया अंतिम संस्कार मामले में एक और चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि महिला के शव को लेने के लिए कोई परिजन सामने नहीं आया। बाद में आरोपी के पिता और परिवार के अन्य लोगों ने ही महिला का अंतिम संस्कार किया। पुलिस अब हत्या के पीछे की असली वजह, घरेलू विवाद और अन्य संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। पति, भतीजे और युवक पर केस दर्ज शहर गोहाना थाना पुलिस ने इस मामले में संदीप, उसके भतीजे अभी पुत्र दीपक तथा उत्तर प्रदेश निवासी गुलजार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103, 238 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि शिकायतकर्ता के बयान, मौके से मिले साक्ष्य और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पत्नी का शव दबाने को नमक खरीद आंगन में खोदा-गड्ढा:कमरे से घसीटकर बाहर लाए बोरा; ऑटो में लाश लेकर बदलता रहा प्लान
