अंबाला कैंट के महेश नगर थाना क्षेत्र स्थित प्रीत नगर पॉश इलाके में दो सगी बहनों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। दोनों बहनों के शव उनके घर के अंदर गले-सड़े हालात में मिले। करीब 15 से 20 दिनों तक घर बंद रहने और कोई हलचल न होने के बाद पड़ोसियों को शक हुआ। जब घर से तेज दुर्गंध आने लगी तो पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही महेश नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाकर अंदर दाखिल हुई। अंदर का दृश्य देखकर पुलिस और आसपास के लोग भी दहल गए। बेड और फर्श पर पड़े मिले शव पुलिस के मुताबिक, दोनों महिलाओं की उम्र करीब 40 से 45 वर्ष के बीच थी। एक बहन का शव बेड पर पड़ा मिला, जबकि दूसरी बहन का शव फर्श पर मिला। दोनों शव बुरी तरह गल चुके थे, जिससे माना जा रहा है कि मौत कई दिन पहले हो चुकी थी। पड़ोसियों के अनुसार दोनों बहनें माता-पिता की मौत के बाद लंबे समय से इसी घर में अकेली रह रही थीं। एक मानसिक रूप से परेशान थी, दूसरी करती थी देखभाल स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतकों में से एक बहन मानसिक रूप से परेशान थी और चलने-फिरने में भी दिक्कत रहती थी। दूसरी बहन बाहर काम करती थी और उसी की देखभाल करती थी। दोनों का लोगों से ज्यादा मेलजोल नहीं था और वे बेहद सादगी व अलग-थलग जीवन जी रही थीं। कार साफ करते समय व्यक्ति को आई बदबू मामले का खुलासा तब हुआ जब इलाके में कार साफ करने वाले एक व्यक्ति को घर से तेज बदबू महसूस हुई। उसने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पड़ोसियों ने डायल-112 पर सूचना दी। पड़ोसी और रिटायर्ड प्रिंसिपल ने बताया कि पुलिस जब घर के अंदर गई तो पूरे मकान में तेज दुर्गंध फैली हुई थी। घर के हालात देख चौंके लोग घर के अंदर इस्तेमाल किए गए डायपर और बिखरा सामान मिला। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि दोनों बहनें काफी समय से बेहद खराब परिस्थितियों में रह रही थीं। मौके पर पहुंचे लोगों का कहना था कि दोनों बहनें समाज से लगभग कटी हुई थीं और शायद इसी कारण इतने दिनों तक किसी को उनकी मौत की भनक तक नहीं लगी। अभी तक कोई परिजन सामने नहीं आया महेश नगर थाना प्रभारी जितेंद्र ढिल्लों ने बताया कि पड़ोसियों से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों बहनें अकेली रहती थीं और उनके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। SHO के अनुसार, अभी तक परिवार का कोई वारिस सामने नहीं आया है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अंबाला छावनी नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
अंबाला में 2 बहनों की मौत, घर में मिले शव:कई दिनों से बंद था मकान, बदबू आने पर पता चला; एक दिव्यांग, दूसरी करती थी देखभाल
