दिल्ली-नोएडा डायरेक्ट फ्लाईवे (DND) अब शुरू होने के बेहद करीब पहुंच गया है। यह फ्लाईवे कुंडली-मानेसर-पलवल मानेसर एक्सप्रेसवे पर जाकर मिलेगा। करीब 60 किलोमीटर लंबे इस प्रोजेक्ट का 97 फीसदी काम पूरा हो चुका है। आज केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी इसका निरीक्षण करेंगे। उनके साथ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और NHAI के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। निरीक्षण के बाद एक्सप्रेसवे के उद्घाटन की तारीख तय होने की संभावना है। जून तक इसका काम पूरा होने की संभावना है। इसका शुभारंभ प्रधानमंत्री द्वारा किया जाना है। इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से फरीदाबाद और NCR के लोगों को बड़ा फायदा मिलेगा। खासकर दिल्ली, नोएडा, मेरठ, गुरुग्राम और पलवल की यात्रा पहले के मुकाबले काफी आसान और तेज हो जाएगी। करीब 50 हजार वाहन चालकों को रोजाना जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। फरीदाबाद से दक्षिण दिल्ली का सफर करीब 20 मिनट में पूरा होने की उम्मीद है। अभी जाम के कारण यह सफर कई बार डेढ़ से दो घंटे तक पहुंच जाता है। अब DND-KMP एक्सप्रेसवे के बारे में जानिए… दिल्ली के महारानी बाग से शुरू होगा एक्सप्रेसवे दिल्ली-एनसीआर में ट्रैफिक दबाव कम करने और तेज कनेक्टिविटी देने के लिए तैयार किया जा रहा है। यह दिल्ली के महारानी बाग स्थित DND फ्लाईओवर से शुरू होगा। इसके बाद यह कालिंदी कुंज, जैतपुर-मिठापुर रोड और फरीदाबाद बाइपास के रास्ते सेक्टर-37, सेक्टर-65, बीपीटीपी, पल्ला, खेड़ीपुल और बल्लभगढ़ क्षेत्र को कवर करते हुए आगे बढ़ेगा। खलीलपुर के पास KMP एक्सप्रेसवे से होगा कनेक्शन इसके बाद यह नूंह जिले के खलीलपुर के पास कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा। इसी कॉरिडोर के जरिए वाहन चालक दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे, जेवर-बल्लभगढ़ ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे और आगे जेवर एयरपोर्ट तक आसानी से पहुंच सकेंगे। सोहना के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का मुख्य हिस्सा मई 2023 में शुरू हो चुका है। कैल गांव में दिल्ली-आगरा हाईवे के लिए इंटरचेंज डीएनडी-केएमपी एक्सप्रेसवे का अहम इंटरचेंज कैल गांव के पास बनाया गया है, जहां इसका कनेक्शन दिल्ली-आगरा हाईवे (NH-19) और फरीदाबाद-बल्लभगढ़ बाइपास से होगा। वहीं सेक्टर-65 के पास से जेवर-बल्लभगढ़ ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का लिंक निकलेगा, जिससे सीधे जेवर एयरपोर्ट तक पहुंचा जा सकेगा। बिना जाम सीधे आश्रम और सराय काले खां पहुंच सकेंगे फरीदाबाद से दिल्ली जाने वाले लोगों को अभी कालिंदी कुंज, बदरपुर बॉर्डर और आश्रम जैसे भीड़भाड़ वाले रास्तों से होकर गुजरना पड़ता है। कई जगह रेड लाइट और लंबे जाम के कारण आधे घंटे का सफर डेढ़ घंटे तक पहुंच जाता है। एक्सप्रेसवे शुरू होने के बाद यही सफर करीब 20 मिनट में पूरा होने की उम्मीद है। लोग बिना जाम में फंसे सीधे सराय काले खां और आश्रम तक पहुंच सकेंगे। यहां से नमो भारत कॉरिडोर के जरिए मेरठ जाना भी आसान हो जाएगा। इस कॉरिडोर को 2023-24 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था। जैतपुर से फरीदाबाद तक वाहन दौड़ने लगे फिलहाल जैतपुर से फरीदाबाद की ओर एक्सप्रेसवे का हिस्सा चालू है और यहां वाहन चल रहे हैं। हालांकि जैतपुर से कालिंदी कुंज की ओर कुछ हिस्सों में अभी निर्माण कार्य जारी है। यह हिस्सा पूरा होने के बाद फरीदाबाद और पलवल के लोगों को नोएडा पहुंचने के लिए नया और तेज रास्ता मिल जाएगा। इन जगहों पर किया जाएगा निरीक्षण मंगलवार सुबह करीब 10 बजे निरीक्षण शुरू होगा। सबसे पहले महारानी बाग से जैतपुर-पुश्ता रोड तक बने छह लेन एक्सेस कंट्रोल हाईवे का जायजा लिया जाएगा। इसके बाद जैतपुर-पुश्ता रोड से फरीदाबाद-बल्लभगढ़ बाइपास तक बने हिस्से का निरीक्षण होगा। साथ ही सेक्टर-62/65 डिवाइडिंग रोड और एनएच-19 के पास बदरपुर बॉर्डर से जुड़ने वाले स्पर रोड की प्रगति भी देखी जाएगी। NHAI अधिकारियों के अनुसार दिल्ली क्षेत्र में अधिकतर निर्माण पूरा हो चुका है। फिलहाल सड़क सुरक्षा, साइन बोर्ड, लाइटिंग और फिनिशिंग का काम अंतिम चरण में चल रहा है।
फरीदाबाद से दिल्ली अब 20 मिनट में:DND-KMP एक्सप्रेसवे पर 50 हजार व्हीकल जाम से बचेंगे; काम पूरा होते ही PM करेंगे उद्घाटन
