हरियाणा के कुरुक्षेत्र शहर में डेढ़ साल के मासूम की ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा के समय बच्चा घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। परिवार का आरोप है कि हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली ड्राइवर मौके से फरार हो गया। साथ ही आरोपी पक्ष पर घर में घुसकर परिवार के साथ मारपीट और दबाव बनाने का आरोप भी लगाया। मृतक बच्चे की पहचान प्रशांत (डेढ़ साल) के रूप में हुई है। उसके पिता का नाम विजयपाल और मां का नाम सीमा है। परिवार रतगल गांव में रह रहा है। परिवार मूल रूप से यूपी का रहने वाला है। परिवार में दो और बच्चे 8 साल का बेटा और 5 साल की बेटी है। नहाने गई थी मां मृतक बच्चे की मां सीमा ने बताया कि सुबह वह नहाने के लिए जाने लगी, तो उसने अपने पति विजयपाल से प्रशांत का ध्यान रखने को कहा था। आज उसके पति ने काम से छुट्टी ले रखी थी और विजयपाल घर पर ही मौजूद था। इसी दौरान बच्चा खेलते-खेलते गेट खोलकर सड़क तक हुंच गया। ट्रैक्टर-ट्रॉली ने मारी टक्कर सीमा के मुताबिक, सामने पूर्व सरपंच के घर में मिट्टी डालने का काम चल रहा था। इसलिए यहां ट्रैक्टर-ट्रॉली आ-जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसके बेटे प्रशांत को टक्कर मार दी। इसमें बच्चे को गंभीर चोटें आईं। तुरंत उसका भागकर बाहर आया और बेटे को लेकर प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर ने मृत घोषित किया यहां डॉक्टरों ने बच्चे की जांच करके मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। आरोप लगाया कि जब परिवार ने मामले में शिकायत की, तो मिट्टी डालने वाले पक्ष के लोग उनके घर पहुंच गए और परिवार के साथ धक्का-मुक्की की। साथ ही डराने-धमकाने की कोशिश की गई। पुलिस कर रही कार्रवाई उधर, सेक्टर-7 चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिवार के बयान लिए गए। पुलिस घटनास्थल पर CCTV फुटेज खंगाल रही है। हादसे के बाद परिवार में गम और गुस्से का माहौल है।
ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से डेढ़ साल के बच्चे की मौत:कुरुक्षेत्र में घर के बाहर खेल रहा था बच्चा, मां गई थी नहाने
