रतलाम के पास राजधानी एक्सप्रेस के एसी कोच में आग:15 मिनट में सभी 68 यात्रियों को बचाया; लगेज वैन भी जला, सिंगल लाइन से निकल रहीं ट्रेन

Spread the love

त्रिवेंद्रम से हजरत निजामुद्दीन (दिल्ली) जा रही राजधानी एक्सप्रेस में रविवार सुबह करीब 5:15 बजे आग लग गई। हादसा रतलाम जिले के आलोट के पास लूणी रीछा-विक्रमगढ़ स्टेशन के बीच हुआ। जानकारी के मुताबिक, राजधानी एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 12431) रात करीब 3.45 बजे रतलाम जंक्शन से रवाना हुई। इसका अगला स्टॉप सुबह 8.45 बजे कोटा जंक्शन था, लेकिन राजस्थान में एंट्री से पहले लूणी रीछा-विक्रमगढ़ स्टेशन के पास एसी कोच (बी-1) में आग लग गई। कोच में 68 यात्री सवार थे। करीब 15 मिनट में पूरा कोच खाली करा लिया गया। कुछ ही देर में आग ने बी-1 के पीछे लगे सेकंड लगेज कम गार्ड वैन को अपनी चपेट में ले लिया। अभी किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। हादसे के बाद दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक पर ट्रैफिक रोका दिया था। वहीं, ट्रेन का बिजली कनेक्शन काटकर प्रभावित दोनों कोच को अलग कर दिया गया था। देखिए हादसे की तस्वीरें दुर्घटना राहत ट्रेन और टावर वैगन रवाना घटना स्थल राजस्थान के कोटा रेल मंडल क्षेत्र में आता है, लेकिन रतलाम मंडल मुख्यालय नजदीक होने से रतलाम मंडल के डीआरएम अश्विनी कुमार मौके के लिए रवाना हो गए। राहत और बचाव के लिए दुर्घटना राहत ट्रेन और टावर वैगन सुबह घटना स्थल भेजी गई। आग बुझ चुकी है। अभी इसके कारणों का पता नहीं चल पाया है। नागदा-उज्जैन-रतलाम में हेल्प डेस्क; सिंगल लाइन पर शुरू हुआ ट्रेनों का संचालन हादसे के बाद रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और सूचना के लिए नागदा, उज्जैन एवं रतलाम स्टेशन पर हेल्प डेस्क शुरू कर दिए हैं। यहां यात्रियों और परिजनों को ट्रेन संचालन व अन्य जरूरी जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, हादसे के बाद प्रभावित रेलखंड की अप लाइन से ट्रेनों का परिचालन फिर से शुरू कर दिया गया है। फिलहाल, रेलवे ने सिंगल लाइन वर्किंग शुरू की है, जिसके तहत अप और डाउन दोनों दिशा की ट्रेनों का संचालन कराया जा रहा है। रेलवे की तकनीकी और राहत टीमें मौके पर ट्रैक और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटी हैं, ताकि जल्द से जल्द सामान्य रेल यातायात बहाल किया जा सके।