कोबरा को नहलाया, चोट पर हल्दी लगाई:सुल्तानपुर में बाग में घायल मिला था, घेरा तो फुफकारने लगा

Spread the love

सुल्तानपुर में शनिवार को एक बाग में कोबरा अधमरी हालत में पड़ा मिला। उसकी हालत देखकर लोग पाइप से उसके ऊपर पानी डालने लगे। पानी पड़ते ही कोबरा फन फैलाकर खड़ा हो गया। इस पर लोग डर के मारे भाग खड़े हुए। लेकिन, घायल होने के चलते कोबरा भाग नहीं पाया। इस पर लोगों ने उसकी जान बचाने के लिए की ठानी। लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर कोबरा के घाव पर हल्दी का लेप लगाया। करीब 2 घंटे तक उसे घेरकर खड़े रहे। इस दौरान वन विभाग की टीम को बुलाया गया। टीम मौके पर पहुंची और उसे रेस्क्यू कर कोबरा को जंगल में छोड़ दिया। मामला कूरेभार थाना क्षेत्र का है। गांववालों ने इस पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो तेजी से शेयर हो रहा है। 3 तस्वीरें देखिए… पढ़िए पूरा मामला… तिवारीपुर मुजौना गांव में एक बाग है। शनिवार सुबह करीब 9 बजे बाग में कुछ लोग टहल रहे थे। गांव के ही विनीत तिवारी और अनुपम कुमार ने एक कोबरा को बाग में पड़े देखा। उसमें कोई हरकत नहीं हो रही थी। उन्होंने गांववालों को बुलाया। खबर मिलते ही मौके पर गांववालों की भीड़ जुट गई। कोबरा जिंदा है या मर गया, यह जानने के लिए गांववालों ने उस पर पानी डाला। पानी पड़ते ही कोबरा फन फैलाकर फुफकारने लगा। यह देखते ही लोग भाग खड़े हुए। इसी बीच लोगों को कोबरा के फन के नीवे ही घाव दिखा। जिसके चलते वह रेंग भी नहीं पा रहा था। घाव देखकर लोगों ने हल्दी मंगवाई और उसके घाव पर किसी तरह लेप लगाया। इस दौरान किसी ने वन विभाग को सूचना दे दी। दो घंटे बाद पहुंची वन विभाग की टीम 9 से लेकर 11 बजे तक गांववालों ने कोबरा को घेरकर रोके रखा। जिससे वह किसी घर या भीड़भाड़ वाली जगह न जा सके। सुबह करीब 11 बजे सर्प रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। उसे पकड़कर रतनपुर के फॉरेस्ट विभाग के रिजर्व जंगल में छोड़ा गया। ग्रामीण राजेंद्र तिवारी ने बताया- काफी मशक्कत के बाद सांप को नहलाकर उस पर लेप लगाया। कूरेभार क्षेत्र के फॉरेस्ट कर्मी बृजेश यादव ने बताया कि ग्रामीणों के सहयोग और प्रयास से घायल कोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है। ————————– ये खबर भी पढ़िए- ‘डार्लिंग तुम्हारे लिए पेपर आउट किया, आकर मिलो’, लखनऊ यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर ने छात्रा को कॉल करके मिलने का दबाव बनाया लखनऊ यूनिवर्सिटी के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉक्टर परमजीत सिंह (50) को पुलिस ने शुक्रवार रात गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि प्रोफेसर ने बीएससी फाइनल ईयर की छात्रा को फोन किया और मिलने का दबाव बनाया। कहा, ‘डार्लिंग, तुम्हारे लिए पेपर आउट करा दिया है। एग्जाम से पहले घर से आ जाओ। यहां पेपर तुम्हें दे देते हैं।’ पूरी खबर पढ़िए…