हरियाणा के करनाल में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक महिला क्लर्क की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। महिला सेक्टर-9 में अपने घर के बाहर स्कूटी लॉक कर रही थी। इसी दौरान हेलमेट पहनकर आया युवक गोली मारकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक पीछे से आकर महिला के सिर से सटाकर गोली मारता हुआ दिख रहा है। इसके बाद वह बाइक पर भाग गया। मृतका की पहचान डिंपल अरोड़ा (40) के रूप में हुई है। वह बिजली निगम में क्लर्क के पद पर तैनात थीं और कर्मचारी यूनियन की प्रधान भी थीं। घटना के बाद SP नरेंद्र बिजारणिया मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों से बातचीत की। विधायक जगमोन आनंद भी पहुंचे और परिवार से बातचीत की। महिला की हत्या की 3 तस्वीरें… घटना पर पड़ोसी की दो बातें… खाना खाने घर आई थी डिंपल सेक्टर-9 के रहने वाले दिलबाग सिंह ने बताया कि डिंपल अरोड़ा दोपहर को खाना खाने के लिए घर आई थी। अचानक तेज आवाज आई। आसपास के लोग बाहर आए तो डिंपल अरोड़ा जमीन पर गिरी हुई थी। शुरुआत में लोगों को लगा कि शायद उसे चक्कर आया है। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन सिर से खून बह रहा था। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। हेलमेट पहनकर आए युवक ने गोली मारी दिलबाग सिंह ने बताया कि उन्होंने CCTV फुटेज चेक कि तो पता चला कि दोपहर को डिंपल घर के बाहर स्कूटी पर थी, तभी एक अज्ञात युवक हेलमेट लगाकर आया और उसके सिर में गोली मार दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बाइक से पीछा कर रहा था युवक घटना का एक 33 सेकेंड का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। दोपहर 1:11 बजे डिंपल स्कूटी लेकर घर के बाहर रुकती है। उससे कुछ दूरी पर एक युवक कार के पीछे बाइक पर आकर रुकता है। डिंपल अभी स्कूटी को लॉक ही कर रही होती है कि वह युवक हाथ में लिए कपड़े के पीछे पिस्टल छिपाकर लाता है और डिंपल के सिर से सटाकर गोली चला देता है। डिंपल मौके पर ही गिर जाती है। इसके बाद युवक भागकर अपनी बाइक स्टार्ट करता है और फरार हो जाता है। हम इस खबर को लगातार अपडेट कर रहे हैं…
घर के बाहर महिला क्लर्क की गोली मारकर हत्या,VIDEO:करनाल में हेलमेट पहनकर पीछे से आया युवक; सिर से सटाकर फायर किया
