फतेहाबाद में डॉक्टर के खिलाफ भड़का महिला स्टाफ:बोलीं-कंडोम के सही इस्तेमाल का तरीका पूछा, फ्रेंडली माहौल बनाने को कहा

Spread the love

फतेहाबाद शहर में स्थित पॉली क्लीनिक में कार्यरत एक डॉक्टर पर सभी महिला स्टाफ सदस्यों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। इन 10 से ज्यादा महिला सदस्यों ने पहले मीडिया के सामने अपनी शिकायत रखी। इसके बाद कार्यकारी सीएमओ डॉ.बुधराम के सामने डॉक्टर को खूब खरी खोटी सुनाई। महिला स्टाफ सदस्यों ने अपनी लिखित शिकायत सीएमओ को दी है। महिला स्टाफ सदस्यों ने इस डॉक्टर पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि दोबारा ऐसी हरकत न हो पाए। जानिए.. स्टाफ सदस्यों ने क्या बताया महिला स्टाफ सदस्यों ने बताया कि वे इस कार्यालय में वर्ष 2013 से विभिन्न पदों पर कार्यरत हैं। 1 मई को ही पॉली क्लीनिक में अतिरिक्त एसएमओ के पद पर एक डॉक्टर ने कार्यभार संभाला है। 8 मई को पूरे स्टाफ से सभी के कमरों में जाकर सामान्य बात की। फिर 11 मई को सभी स्टाफ के उपस्थित होने के उपरांत सारे स्टाफ को कमरा नंबर 5 में उपस्थिति रजिस्टर लेकर बुलाया। सभी स्टाफ के नाम रजिस्टर में पढ़कर सुनाए और महिला स्टाफ के नाम के आगे मिस लगा होने के कारण इस बात पर कहा कि सभी स्टाफ अनमैरिड है क्या। इस पर सभी महिला स्टाफ मना करते हुए कहा कि नहीं सर हम सभी स्टाफ मैरिड है। इस पर जवाब देते हुए कहा गया कि आपके नाम के आगे मिसेज लगा होना चाहिए, मिस क्यों लगाया गया है। इससे पता नहीं चलता कि कौन सा स्टाफ शादीशुदा है और कौन अविवाहित। इसके बाद सभी स्टाफ को कहा गया कि आप सभी यहां पर फ्रेंडली माहौल बना कर रखेंगे। यहां की कोई भी और किसी भी प्रकार की बात यहीं तक ही रखेंगे और अपने घर तक नहीं करनी। लैब तकनीशियन से बोला-आपकी तो यहां जरूरत इन स्टाफ सदस्यों ने आरोप लगाया कि उसी समय क्लेरिकल स्टाफ को भेजने के बाद एक लैब तकनीशियन ने डॉक्टर से कहा कि उसका बच्चा छोटा है, उसे वह साथ लाती है। वह दूसरे कमरे में सोया है, उसको संभालकर आ रही है। इस पर उससे कहा गया कि आप कहां जा रही हैं मैडम आपकी तो जरूरत है यहां है। किसी और से कहो कि आपका बच्चा देख लेगा। अभी तो आपसे बहुत सारी बातें करनी हैं। इसके बाद नए स्टाफ के बारे में पूछताछ करते हुए और उनके काम के बारे में पूछताछ करने लगे तथा उनके कार्य व्यवहार के बारे में चर्चा की गई। 13 मई को महिला स्टाफ के साथ वार्तालाप करते हुए सेक्स और सेक्सुअल रिलेशन के बारे में अश्लील शब्दों का प्रयोग करते हुए व बार बार मेल-फीमेल रिलेशन के बारे में बातें करते रहे। उसी समय ओपीडी पर्ची के बाकी सभी बिन्दुओं के बारे में चर्चा न करके सीधा निरोध शब्द को पढ़ने के बाद महिला स्टाफ के सामने निरोध बिंदु न बोलकर बार-बार कंडोम शब्द इस्तेमाल किया। फिर पूछा कि इसका इस्तेमाल कहां कहां किया जाता है। इसके बाद में पूछते हुए कहा कि आजकल के समय में कंडोम बहुत आ रहे हैं क्या आप लोगों को इसके सही इस्तेमाल का तरीका पता है। यदि पता है तो बताओ नहीं तो मैं demonstrate करता हूं। इस पर फिर से महिला स्टाफ द्वारा कोई जवाब नहीं दिया गया। आरोप है कि फिर से डॉक्टर ने यही बोलते हुए कहा कि आपको सब पता है, लेकिन बताना कोई नहीं चाहता, इस बारे में खुलकर बात करो। महिला स्टाफ की सीट पर बैठकर कहा-क्या मजेदार पर्ची है
महिला स्टाफ सदस्यों ने आरोप लगाया कि इसके बाद महिला स्टाफ को बुलाकर एक महिला की सीट पर बैठकर उसी समय ओपीडी स्लिप हाथ में लेकर डॉक्टर ने गलत व्यवहार के साथ कहा कि क्या मजेदार पर्ची है। हाथ में लेते ही अच्छी लग रही है। इसके बाद ओपीडी स्लिप पर लिखे शब्दों को लेकर महिला स्टाफ से अशोभनीय बातें की गईं तथा बार-बार गंदे शब्दों का इस्तेमाल किया गया। इस बारे में सभी महिला स्टाफ की तरफ से अनुरोध किया गया है कि इस डॉक्टर के रहते पूरा महिला स्टाफ सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है। यदि उक्त शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की गई तो इस पर महिला स्टाफ की सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी है। दोबारा भी इससे ज्यादा गन्दी हरकतें होने का डर है। महिला स्टाफ सदस्यों ने अपनी शिकायत की कॉपी फतेहाबाद के डीसी, स्वास्थ्य सेवाओं के डायरेक्टर जनरल, विभाग के एसीएस और महिला पुलिस थाना को दी गई है।