नूंह में नाबालिग का अपहरण कर रेप:अश्लील वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल, आरोपी गिरफ्तार; महिला जांच अधिकारी पर लगे आरोप

Spread the love

हरियाणा के नूंह जिले के बिछौर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के अपहरण, रेप और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। मामले में नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, पीड़ित परिवार ने महिला जांच अधिकारी पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। पीड़ित पिता के अनुसार, यह घटना 13 मई की रात की है। उनकी पत्नी और नाबालिग बेटी खाना खाने के बाद घर के पास टहल रही थी। कुछ देर बाद पत्नी रोते हुए लौटी, जबकि बेटी गायब थी। परिजनों ने पूरी रात उसकी तलाश की। अगले दिन सुबह करीब 4 बजे लड़की गांव के सरकारी स्कूल के पास एक युवक के साथ मिली, जिसे परिजनों ने पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया। शाम तक थाने नहीं पहुंची जांच अधिकारी पीड़ित परिवार ने बताया कि वे सुबह 8 बजे ही लड़की को लेकर बिछौर थाने पहुंच गए थे, लेकिन महिला जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर विनीता देर शाम तक नहीं पहुंची। परिवार ने आरोप लगाया कि उन्हें पूरे दिन थाने में बैठाए रखा गया और मेडिकल जांच के लिए किराए की गाड़ी लाने का दबाव बनाया गया। मामले की शिकायत डॉ. अर्पित जैन तक पहुंची, तब रात करीब 9 बजे एक निजी गाड़ी की व्यवस्था कर पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए नूंह अस्पताल भेजा गया। थाना प्रभारी ने किया आरोपों से इनकार वहीं, बिछौर थाना प्रभारी राजबीर ने आरोपों से इनकार किया। उन्होंने कहा कि परिवार सुबह शिकायत देकर घर चला गया था और महिला अधिकारी दूसरे मामले में व्यस्त थी। उन्होंने बताया कि सरकारी गाड़ी खराब होने के कारण मेडिकल के लिए निजी वाहन से भेजा गया। राजबीर ने स्वीकार किया कि महिला अधिकारी की ओर से समय को लेकर स्पष्ट जानकारी न देने में चूक हुई। मेरे पास कई थानों की जिम्मेदारी- सब इंस्पेक्टर महिला जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर विनीता ने कहा कि उनके पास कई थानों की जिम्मेदारी है और वह दूसरे दुष्कर्म मामले की जांच के सिलसिले में राजस्थान गई हुई थी, जिसके कारण देरी हुई। उन्होंने बताया कि थाने पहुंचने के बाद उन्होंने तुरंत एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। विनीता ने कहा कि मेडिकल जांच में देरी ड्यूटी डॉक्टर के देर से पहुंचने के कारण हुई।