झज्जर जिले के बहादुरगढ़ में 10 वर्षीय बच्ची से रेप के मामले में फरार चल रहे 2 आरोपियों की देर रात पुलिस के साथ मुठभेड़ हो गई। घटना कसार गांव के पास केएलजे हाइट्स के नजदीक हुई। मुठभेड़ के दौरान आरोपियों ने AVT पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लाइनपार क्षेत्र निवासी मोहित उर्फ मेंडी और दीपक के रूप में हुई है। घायल आरोपी मोहित को पहले बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। दूसरे आरोपी दीपक को भी पुलिस हिरासत में लिया गया है। रेप के बाद फरार थे दोनों आरोपी दोनों आरोपियों पर एक दिन पहले 10 वर्षीय बच्ची से रेप करने का आरोप है। वारदात के बाद से दोनों फरार चल रहे थे और पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई थी। मौके पर पहुंचे डीसीपी क्राइम शुभम सिंह ने बताया कि AVT टीम को आरोपियों की लोकेशन मिलने के बाद कार्रवाई की गई। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी मोहित घायल हो गया। एक आरोपी पर पहले 15 केस डीसीपी के अनुसार आरोपी मोहित उर्फ मेंडी के खिलाफ चोरी, छीना-झपटी और मारपीट समेत करीब 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं दूसरे आरोपी दीपक के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच में जुटी हुई है।
बहादुरगढ़ में रेप के आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़:AVT टीम पर की फायरिंग, एक के पैर में गोली लगी; 2 गिरफ्तार
