फरीदाबाद में UP की रोड़वेज बस में घुसी कार:बागेश्वर धाम से दिल्ली लौट रहा था ड्राइवर; एयरबैग खुलने से बाल-बाल बचा

Spread the love

फरीदाबाद में नेशनल हाईवे-19 पर बुधवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। सराय टोल प्लाजा के पास यूपी रोडवेज की एक बस में पीछे से तेज रफ्तार मारुति सुजुकी सिआज कार घुस गई। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मध्यप्रदेश के बागेश्वर धाम से लौट रहे यूपी रोडवेज बस के ड्राइवर संजय के मुताबिक, वह मध्य प्रदेश के बागेश्वर धाम से सराय काले खां दिल्ली के लिए लौट रहे थे। बस झांसी-छतरपुर-आगरा-मथुरा होते हुए दिल्ली रूट पर चल चलती है। बुधवार सुबह करीब 4 बजे जैसे ही बस सराय टोल प्लाजा के पास पहुंची और उन्होंने टोल से पहले बस की रफ्तार धीमी की, तभी पीछे से तेज आवाज के साथ एक कार ने बस को टक्कर मार दी। बस में घुसा कार का अगला हिस्सा ड्राइवर ने बताया कि नीचे उतरकर देखा, तो सफेद रंग की मारुति सुजुकी सिआज कार बस के पिछले हिस्से में घुस चुकी थी। कार का अगला हिस्सा पूरी तरह बस के नीचे फंस गया था। कार में केवल ड्राइवर था, लेकिन राहत की बात यह रही कि बस और कार सवार ड्राइवर को कोई चोट नही आई है। बस में भी 35 के करीब सवारियां थी। एहतियात के तौर पर सभी यात्रियों को बस से उतार दिया गया, जिसके बाद वे अन्य साधनों से दिल्ली के लिए रवाना हो गए। मामले की जांच में जुटी पुलिस सराय थाना प्रभारी राकेश कुमार के अनुसार, हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। बस और कार में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।