करनाल खाद्य आपूर्ति विभाग का इंस्पेक्टर रिश्वत लेते गिरफ्तार:15 हजार की घूस लेते ACB ने रंगे हाथों पकड़ा; डिपो होल्डर से मांगी थी रकम

Spread the love

करनाल में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए स्टेट विजिलेंस की टीम ने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के एक इंस्पेक्टर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी जिले के कुंजपुरा सेंटर पर तैनात था और उसने एक डिपो होल्डर से काम के बदले 15 हजार रुपए की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद टीम ने प्लान बनाकर छापा मारा और आरोपी को पैसे लेते हुए पकड़ लिया। जानकारी के अनुसार, इंस्पेक्टर मनोज ने डिपो होल्डर से उसके कार्य से जुड़े मामले को निपटाने के एवज में 15 हजार रुपए की घूस मांगी थी। डिपो होल्डर ने इसकी शिकायत स्टेट विजिलेंस को दी, जिसके बाद टीम ने ट्रैप लगाकर कार्रवाई की। मनोज मधुबन का रहने वाला बताया जा रहा है और अभी कुंजपुरा सेंटर पर इंस्पेक्टर के पद पर तैनात था। बताया जा रहा है कि वह रिटायर्ड फौजी है। रंगे हाथों पकड़ा गया आरोपी विजिलेंस टीम ने पूरी तैयारी के साथ कुंजपुरा सेंटर पर दबिश दी और जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम ली, उसे मौके पर ही काबू कर लिया गया। टीम ने मौके से कैश भी बरामद किया है। इंस्पेक्टर की गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है। फिलहाल, इस मामले को लेकर किसी भी अधिकारी का कोई बयान सामने नहीं आया है।