हरियाणा की कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी (KUK) में बैचलर ऑफ लॉ (LLB) में एडमिशन प्रक्रिया को लेकर सोमवार को जमकर हंगामा हुआ। केयू प्रशासन के LLB में मेरिट बेस पर सीधे एडमिशन देने के फैसले के विरोध में विभिन्न छात्र संगठनों ने नाराजगी जताई। उन्होंने फैसले के विरोध में वाइस चांसलर (VC) कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन बढ़ता देख केयू सिक्योरिटी ने वीसी कार्यालय के मुख्य गेट बंद कर दिए। इसके बाद माहौल और तनावपूर्ण हो गया। छात्र संगठनों के केयू प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। मुख्य गेट बंद होने से ने पिछले गेट से वीसी कार्यालय में घुसने की चेतावनी दी, लेकिन सिक्योरिटी ने उस गेट को भी बंद कर दिया। हंगामे में गेट डैमेज हुआ इसके बाद कुछ छात्र संगठन पिछले गेट पर इकट्ठा हो गए। कुछ छात्र दीवार फांदकर गैलरी के अंदर घुसने में कामयाब रहे। उनको देखकर दूसरे छात्रों ने कैंची गेट (अकाउंट ब्रांच से वीसी कार्यालय जाने वाले रास्ते का गेट) से अंदर जाने की कोशिश की। इस कोशिश में गेट डैमेज गया। इसके बाद छात्र गैलरी में बैठ गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। रजिस्ट्रार को सौंपा ज्ञापन छात्र संगठनों को गैलरी में इकट्ठा देख सिक्योरिटी ने उन्हें हटाने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने वीसी प्रो. सोमनाथ सचदेवा और रजिस्ट्रार प्रो. वीरेंद्र पाल से मिलने की मांग रखी। कुछ देर बाद केयू के रजिस्ट्रार प्रो. वीरेंद्र पाल छात्रों के बीच पहुंचे और उनकी बात सुनी। छात्रों ने अपनी मांग को लेकर उनको ज्ञापन सौंपा दिया। बोले-मेरिट एडमिशन का फैसला गलत इंडियन नेशनल स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (INSO) के प्रधान विशाल कुमार ने कहा कि अब तक केयू में LLB के एडमिशन एंट्रेंस एग्जाम के बेस पर होते थे। साल 2009 से इंटरेंस बेस पर ही LLB में एडमिशन होता आया है, लेकिन इस बार केयू प्रशासन ने 12वीं की मेरिट पर सीधे दाखिले का फैसला लिया है। स्टूडेंट्स को होगा नुकसान विशाल ने बताया कि केयू के इस फैसले से छात्रों को नुकसान होगा। अलग-अलग बोर्ड के नंबरिंग सिस्टम में बड़ा फर्क है। CBSE बोर्ड में छात्रों को ज्यादा अंक मिलते हैं, जबकि HBSE बोर्ड में औसतन नंबर कम आते हैं। ऐसे में हरियाणा बोर्ड के छात्रों को नुकसान झेलना पड़ेगा। अलग-अलग स्ट्रीम से पड़ता है फर्क विशाल कुमार ने कहा कि आर्ट्स, कॉमर्स, मेडिकल और नॉन-मेडिकल स्ट्रीम के छात्रों के नंबरों में भी काफी अंतर रहता है। उनकी मांग है कि पहले की तरह एंट्रेंस एग्जाम के आधार पर ही LLB में दाखिले किए जाएं। एंट्रेंस टेस्ट से सभी छात्रों को बराबरी का मौका मिलता है, जबकि सिर्फ मेरिट बेस सिस्टम कई छात्रों के साथ अन्याय करेगा। CSO बोले- फुटेज खंगाल रहे हैं केयू के चीफ सिक्योरिटी इंचार्ज (CSO) आनंद कुमार ने बताया कि घटना की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। जांच के बाद फुटेज केयू प्रशासन को सौंपी जाएगी। प्रशासन के निर्देश पर आगे की कार्रवाई होगी। दीवार फांदकर घुसना गलत है। साथ ही प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने गेट भी डैमेज कर दिया।
स्टूडेंट्स के हंगामे में KUK वीसी ऑफिस का गेट डैमेज:दीवार फांदकर घुसे; मेरिट पर एडमिशन के फैसले का विरोध, पुरानी व्यवस्था की मांग
