हरियाणा के सीनियर IPS वाई. पूरन कुमार के सुसाइड केस का आज नौवां दिन है। DGP शत्रुजीत कपूर को छुट्टी भेजे जाने के बाद आज उनका पोस्टमॉर्टम हो सकता है। बुधवार सुबह चंडीगढ़ की SSP कंवरदीप कौर दिवंगत IPS की IAS पत्नी अमनीत पी. कुमार की सहमति लेने के लिए उनके सेक्टर 24 स्थित आवास पर पहुंची हैं। 51 मेंबरी कमेटी ने पोस्टमॉर्टम का फैसला पूरन कुमार के परिवार पर छोड़ा है। कमेटी के अध्यक्ष प्रो. जयनारायण का कहना है कि उनकी मांग के मुताबिक हरियाणा सरकार ने DGP को छुट्टी पर भेज दिया है, जबकि रोहतक SP पहले ही हटाए जा चुके हैं। सरकार ने अपना काम कर दिया। अब कमेटी की मांग है कि चंडीगढ़ पुलिस निष्पक्ष जांच करे। इसके लिए आज दोपहर को चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया से मिलकर कानूनी तरीके से जांच आगे बढ़ाने के लिए ज्ञापन सौंपेंगे। वहीं अमनीत पी. कुमार को आज चंडीगढ़ में शव की शिनाख्त करने और पोस्टमॉर्टम को लेकर कोर्ट में जवाब दाखिल करना है। एक दिन पहले मंगलवार को चंडीगढ़ पुलिस ने इस मामले में कोर्ट में एप्लिकेशन लगाई थी। कोर्ट ने कहा था कि अगर परिवार की तरफ से जवाब नहीं आया तो आगे का फैसला लिया जाएगा। 7 अक्टूबर: चंडीगढ़ में खुद को गोली मारकर सुसाइड किया
रोहतक में सुनारिया स्थित पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज (PTC) में पोस्टेड IG वाई पूरन कुमार ने 7 अक्टूबर को चंडीगढ़ के सेक्टर-11 स्थित अपने आवास पर खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया था। उन्होंने 8 पेज का सुसाइड नोट और एक पेज की वसीयत छोड़ी है। सुसाइड नोट में उन्होंने हरियाणा के DGP शत्रुजीत कपूर और रोहतक SP नरेंद्र बिजारणिया समेत 15 मौजूदा व पूर्व अधिकारियों पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। सुसाइड के बाद शाम को खुलासा हुआ कि एक दिन पहले रोहतक पुलिस ने पूरन कुमार के गनमैन सुशील कुमार को शराब कारोबारी से रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया था। SP नरेंद्र बिजारणिया ने बताया था कि सुशील ने पूछताछ में पूरन कुमार के कहने पर रिश्वत मांगने की बात कबूल की है। 7 अक्टूबर तक पूरन कुमार को पुलिस ने कोई नोटिस जारी नहीं किया था। 8 अक्टूबर: IPS की पत्नी ने DGP-SP के खिलाफ शिकायत दी
7 अक्टूबर को जब पूरन कुमार ने सुसाइड किया तो उनकी IAS पत्नी अमनीत पी. कुमार मुख्यमंत्री नायब सैनी और अन्य अधिकारियों के साथ जापान दौरे पर थीं। 8 अक्टूबर को अमनीत जापान दौरे से लौटीं। इसके बाद चंडीगढ़ के सेक्टर 11 थाने में उन्होंने DGP शत्रुजीत कपूर और रोहतक के SP नरेंद्र बिजारणिया के खिलाफ शिकायत दी। अमनीत ने जातिगत भेदभाव और प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके पति की मौत से पहले DGP के कहने पर रोहतक SP ने उनके खिलाफ रोहतक के अर्बन एस्टेट थाने में झूठा मामला (FIR-नंबर 0319/2025) दर्ज कराया, जो एक सोची-समझी साजिश थी। 9 अक्टूबर: DGP-SP समेत 15 लोगों पर FIR
पूरन कुमार के सुसाइड के तीसरे दिन चंडीगढ़ पुलिस ने FIR दर्ज की। सेक्टर-11 थाने में 156 नंबर FIR भारत न्याय संहिता (BNS) की धारा 108, 3(5) और एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(1)(r) के तहत दर्ज की गई। पूरन कुमार ने सुसाइड नोट में हरियाणा के 15 IAS-IPS अफसरों को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया था। उन्होंने नोट के आखिरी पैरा में हरियाणा के DGP शत्रुजीत कपूर और रोहतक SP नरेंद्र बिजारणिया पर गंभीर आरोप लगाए। 10 अक्टूबर: चंडीगढ़ पुलिस ने जांच के लिए SIT बनाई
पूरन कुमार के सुसाइड के चौथे दिन चंडीगढ़ पुलिस ने IG पुष्पेंद्र कुमार के नेतृत्व में SIT बनाई। SIT में पुष्पेंद्र कुमार के अलावा, चंडीगढ़ की SSP कंवरदीप कौर, DSP चरणजीत सिंह विर्क, SP सिटी केएम प्रियंका, SDPO गुरजीत कौर और सेक्टर 11 थाने के SHO जयवीर सिंह राणा शामिल हैं। इसके अलावा, अमनीत पी. कुमार ने SSP कंवरदीप कौर को लेटर लिखकर कहा कि FIR में आरोपी अधिकारियों का नाम नहीं लिखा गया है। SC/ST की जो धारा 3(1)(r) लगाई गई है, वह भी कमजोर है। इसलिए धारा को मजबूत किया जाए। 11 अक्टूबर: पूरन कुमार की डेडबॉडी PGI शिफ्ट
पूरन कुमार की डेडबॉडी सुबह साढ़े 8 बजे चंडीगढ़ के सेक्टर-16 गवर्नमेंट अस्पताल से अचानक PGI शिफ्ट की गई। पूरन कुमार के परिवार ने आरोप लगाया कि प्रशासन उनकी मर्जी के बिना जबरदस्ती डेडबॉडी PGI ले गया। विवाद के बाद चंडीगढ़ के DGP सागर प्रीत हुड्डा अमनीत पी. से मिलने पहुंचे। उन्होंने कहा कि परिवार की सहमति के बाद ही पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। पूरन कुमार के परिवार ने न्याय के लिए 31 मेंबरी कमेटी बनाई। 12 अक्टूबर काे चंडीगढ़ के सेक्टर 20 स्थित गुरु रविदास गुरुद्वारे में महापंचायत बुलाने का ऐलान किया। पंचकूला में कार्यकारिणी की बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार इस मामले की पूरी जांच कराएगी। दोषी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, बख्शा नहीं जाएगा। अगर किसी व्यक्ति को कोई तंग करेगा तो सरकार उसे नहीं छोड़ेगी। 12 अक्टूबर: महापंचायत का 48 घंटे का अल्टीमेटम
हरियाणा सरकार ने रोहतक के SP नरेंद्र बिजारणिया को पद से हटा दिया। उन्हें कहीं पोस्टिंग नहीं दी। चंडीगढ़ में सेक्टर-20 स्थित गुरु रविदास गुरुद्वारे में महापंचायत हुई। महापंचायत में सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया। इसमें DGP शत्रुजीत कपूर को हटाने और रोहतक के पूर्व SP नरेंद्र बिजारणिया को गिरफ्तार करने की मांग की गई। यदि ऐसा नहीं हुआ प्रदर्शन उग्र किया जाएगा। चंडीगढ़ पुलिस ने SC/ST एक्ट की धारा 3(1)(r) की जगह धारा 3(2)(V) लगाई। साथ ही SIT पूरन कुमार के गनमैन सुशील कुमार के केस की डिटेल के लिए रोहतक पहुंची। साथ ही SIT ने अमनीत पी. कुमार को चंडीगढ़ में शव की पहचान करने के लिए बुलाया। 13 अक्टूबर: केंद्रीय राज्यमंत्री की CM सैनी ने 40 मिनट मीटिंग
केंद्रीय राज्यमंत्री रामदास आठवले पूरन कुमार के घर शोक जताने पहुंचे। इसके बाद वह मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से भी मिले। दोनों की करीब 40 मिनट तक मीटिंग हुई। मीटिंग के बाद आठवले ने कहा कि CM सैनी ने पहले पोस्टमॉर्टम करवाने की बात कही। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि इस केस में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद CM सैनी सोनीपत के लिए निकल गए। यहां उन्होंने 17 अक्टूबर को होने वाली रैली की तैयारियों का जायजा लिया। यहां से CM को दिल्ली जाना था, लेकिन ऐन वक्त पर उनका दौरा कैंसिल हो गया। वह सोनीपत से सीधे चंडीगढ़ चले गए। 14 अक्टूबर: DGP को छुट्टी भेजा, ओपी सिंह कार्यवाहक DGP बने
हरियाणा सरकार ने DGP शत्रुजीत कपूर को छुट्टी पर भेज दिया। उनकी जगह 1993 बैच के IPS अफसर ओपी सिंह को कार्यवाहक DGP नियुक्त किया गया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी पूरन कुमार के परिवार से मिलने के लिए पहुंचे। चंडीगढ़ कोर्ट ने शव की पहचान और पोस्टमॉर्टम को लेकर पूरन कुमार के परिवार को नोटिस जारी किया। ————————————— ये खबर भी पढ़ें :- हरियाणा IPS के सुसाइड से पहले 7 दिन की STORY: उनकी मौजूदगी में PSO पकड़ा, कोरे पेज पर सिग्नेचर से परेशान हुए; DGP-SP ने फोन नहीं उठाया हरियाणा के सीनियर IPS अफसर वाई. पूरन कुमार के सुसाइड से पहले की 7 दिनों की पूरी कहानी सामने आई है। इस कहानी की शुरुआत 1 अक्टूबर से हुई, जो 7 अक्टूबर को उनकी मौत के साथ खत्म हुई। उनकी मौत से पहले की इस कहानी में उनके PSO सुशील कुमार की गिरफ्तारी से होती है। इसके बाद हर दिन होने वाले नए डेवलपमेंट ने उन्हें परेशान किया और लास्ट में उन्होंने सुसाइड कर लिया। पढ़ें पूरी खबर…
हरियाणा IPS सुसाइड- आज पोस्टमॉर्टम संभव:चंडीगढ़ SSP सहमति के लिए IAS पत्नी के घर पहुंचीं; कमेटी प्रशासक से मिलेगी
