धामनोद स्थित खलघाट टोल टैक्स के समीप 7 मई को किसानों की मांगों को लेकर किए गए चक्काजाम मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस आंदोलन में शामिल नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार और कांतिलाल भूरिया सहित 10 वर्तमान और 3 पूर्व विधायकों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। कुल 25 से अधिक कांग्रेस नेताओं को नामजद किया गया है। इन प्रमुख नेताओं पर दर्ज हुआ मामला एफआईआर में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार, बाला बच्चन, हनी बघेल, प्रताप ग्रेवाल, कांतिलाल भूरिया, सचिन यादव, हीरालाल अलावा, झूमा सोलंकी, केदार डावर और मोंटू सोलंकी के नाम शामिल हैं। इनके अलावा पूर्व विधायक विजयलक्ष्मी साधौ, पंचीलाल मेडा और नवीन जोशी सहित जिलाध्यक्ष स्वतंत्र जोशी पर भी प्रकरण दर्ज किया गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग अधिनियम के तहत कार्रवाई धामनोद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 220/2026 के तहत बीएनएस की धारा 126(2), 191(2) और राष्ट्रीय राजमार्ग अधिनियम की धारा 8(बी) के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिना अनुमति यातायात बाधित करने के चलते यह कानूनी कदम उठाया गया है। फसल बीमा और बिजली कटौती पर था प्रदर्शन कांग्रेस का यह आंदोलन फसल बीमा राशि, खाद-बीज की किल्लत और अघोषित बिजली कटौती जैसे मुद्दों को लेकर आयोजित किया गया था। आंदोलन के कारण नेशनल हाईवे का यातायात प्रभावित हुआ था, जिसे प्रशासन ने वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया था। कलेक्टर को ज्ञापन देने के बाद खत्म हुआ धरना चक्काजाम के दौरान भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर तैनात रहे। दोपहर 3 बजे धार कलेक्टर ने स्वयं प्रदर्शन स्थल पर पहुंचकर कांग्रेस नेताओं से ज्ञापन प्राप्त किया। ज्ञापन सौंपने के बाद नेताओं ने धरना समाप्त करने की घोषणा की थी।
खलघाट टोल पर कांग्रेस का चक्काजाम:नेता प्रतिपक्ष सिंघार समेत 10 विधायकों पर FIR; 25 से अधिक कांग्रेस नेताओं पर केस
