बृजेंद्र की यात्रा में सिरसा के तीनों विधायक नहीं जाएंगे:राहुल गांधी होंगे शामिल; गोकुल बोले-निमंत्रण नहीं, दिग्विजय का तंज-किसानों की शहादत पर ट्रैक्टर चलाएंगे

Spread the love

हिसार के पूर्व सांसद एवं कांग्रेस नेता बृजेंद्र सिंह की सद्भाव यात्रा में राहुल गांधी आने के चलते सिरसा में सियासी हलचल तेज हो गई है। सिरसा से तीनों ही कांग्रेस विधायक बृजेंद्र सिंह की यात्रा में शामिल होने के लिए गुरुग्राम नहीं जा रहे। विधायकों का कहना है कि कोई निमंत्रण नहीं आया है और राहुल गांधी सबके लिए बराबर है। जानकारी के अनुसार, सिरसा में ऐलनाबाद, सिरसा और कालांवाली विधानसभा से कांग्रेस के 3 विधायक है। तीनों ही विधायकों ने इस यात्रा में शामिल होने से इनकार कर दिया है। हालांकि, पार्टी की ओर से सभी विधायकों और पूर्व विधायकों को इस यात्रा में राहुल गांधी के साथ शामिल होने को कहा गया है। वहीं, बृजेंद्र सिंह की इस सदभावना यात्रा पर कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया और दिग्विजय चौटाला ने तंज कसा है और इसे लेकर सावर्जनिक तौर पर सोशल मीडिया पर पोस्ट डाली है। विधायक सेतिया ने बृजेंद्र सिंह को दाढ़ी बढाकर राहुल गांधी को बुलाने एवं दिग्विजय ने किसानों की शहादत पर ट्रैक्टर चलाने की संज्ञा दी है। जानिएं विधायकों ने क्या कहा कालांवाली विधायक शीशपाल केहरवाला का कहना है कि सभी को पार्टी के ग्रुप में ही सूचना मिली है। पार्टी की ओर से ऑफिशियल कोई मैसेज नहीं आया। मैं अभी बाहर हूं। ऐसे में यात्रा में नहीं जा रहा। सिरसा विधायक गोकुल सेतिया का कहना है कि मेरी तो शुरू से यात्रा को लेकर कंट्रोवर्सी चल रही है। मेरे खिलाफ बयान दिए जा रहे हैं तो यात्रा में जाना नहीं बनता। पार्टी से कोई मेल या मैसेज नहीं मिला है। राहुल गांधी आ रहे हैं तो वे सबके लिए बराबर है। उनका सम्मान करते हैं। विधायक भरत सिंह बोले, मेरी तबीयत खराब ऐलनाबाद विधायक भरत सिंह बैनिवाल का कहना है कि मेरी तबीयत खराब है। बेटे को भी काम है और उसे बाहर जाना है। इसलिए अकेले गुरुग्राम जाना मुश्किल है। इस समय ऐलनाबाद में किसी काम से आया हुआ हूं। जानिएं किसने पोस्ट में क्या लिखा विधायक सेतिया ने पोस्ट में लिखा- बीजेपी में मलाई खाके दाढ़ी बढ़ा लो, फिर राहुल गांधी को बुलाओ, फिर बाकी कांग्रेसियों को नीचा दिखाओ। ये तो हमारा नेता राहुल गांधी नरम दिल का है। भाई की जगह बीजेपी वाले होते हो मलाई चाटके आने वालों को औकात दिखा देते। दिग्विजय चौटाला ने पोस्ट में लिखा- जिसने 3 कृषि कानून के पक्ष में वोट दिया था। उसकी यात्रा में राहुल गांधी, भूपेंद्र हुड्डा जाएंगे, अब ये दोनों 750 किसानों शहादत के ऊपर ट्रैक्टर चलाने जाएंगे। और निशाने पर सिर्फ दुष्यंत चौटाला, क्यों ?