लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी आज गुरुग्राम के दौरे पर रहेंगे। राहुल गांधी यहां कांग्रेस नेता और पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह द्वारा निकाली जा रही ‘सद्भाव यात्रा’ में शिरकत करेंगे। इस दौरान वे एसडी स्कूल के पास एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। उनकी यात्रा को लेकर सुरक्षा टीमें गुरुग्राम पहुंच चुकी हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राहुल गांधी दोपहर बाद दिल्ली से रवाना होंगे और करीब 4 से 5 बजे के बीच गुरुग्राम पहुंचेंगे। वह ऐतिहासिक खांडसा चौक से अपनी पदयात्रा शुरू करेंगे और बृजेंद्र सिंह के साथ लगभग एक से दो किलोमीटर तक पैदल चलेंगे। इस दौरान वह व्यापारियों, उद्योगपतियों, युवाओं और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं पर चर्चा करेंगे। जनसभा को करेंगे संबोधित
पदयात्रा के समापन पर राहुल गांधी एसडी स्कूल के पास एक जनसभा को संबोधित करेंगे। माना जा रहा है कि इस जनसभा के जरिए वह राज्य की मौजूदा राजनीतिक स्थिति, बेरोजगारी, किसानों के मुद्दे और सामाजिक एकता जैसे गंभीर विषयों पर अपनी बात रखेंगे। यात्रा का महत्व और राजनीतिक मायने
बृजेंद्र सिंह ने यह यात्रा अक्टूबर 2025 में शुरू की थी, जो अब अपने अंतिम पड़ाव पर है। यह यात्रा हरियाणा के 90 में से करीब 83 विधानसभा क्षेत्रों को कवर कर चुकी है। राहुल गांधी का इस यात्रा में शामिल होना हरियाणा कांग्रेस के लिए एक बड़े शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, यह दौरा कांग्रेस के भीतर चल रही गुटबाजी के बीच हो रहा है। राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि राहुल गांधी की यह मौजूदगी आगामी नगर निगम चुनावों और राज्य की राजनीति में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के मनोबल को बढ़ाने का काम करेगी। बड़े नेताओं की दूरी रही थी बृजेंद्र सिंह की इस सद्भाव यात्रा का कांग्रेस के बड़े नेताओं ने दूरी बनाई थी। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने इनकी निजी यात्रा बताया था। अब पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने सभी कार्यकर्ताओं से राहुल गांधी के इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है।
गुरुग्राम में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का दौरा आज:बृजेंद्र की ‘सद्भाव यात्रा’ में शामिल होंगे, एक किमी पैदल चलकर जनसभा करेंगे
